

बिलासपुर । स्वाधीनता दिवस के अवसर पर पुलिस मैदान में आज जो कुछ भी हुआ ऐसा पहले कभी नहीं हुआ । सत्तारूढ़ दल के ही प्रमुख पदाधिकारी के साथ जिस तरह की हरकत जिम्मेदार अधिकारियों ने किया उससे आशंका इस बात की हो रही है कि कही यह पूर्व नियोजित तो नहीं था ? जी हाँ बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल के समर्थकों के साथ दोयम दर्जे का व्यवहार तो यही बता रहा है । पूरे कार्यक्रम में जो अव्यवस्था और बैठक व्यवस्था की बदइंतजामी के चलते विधायक अमर अग्रवाल के तमाम समर्थक कार्यक्रम के बीच में ही उठकर चले गए । जिला भाजपा के वरिष्ठ नेता और कोषाध्यक्ष गुलशन ऋषि का हाथ पकड़कर खींचने वाले अधिकारी को हालांकि मौके पर ही पूर्व एल्डरमैन ने जमकर फटकार लगाई । निगम सभापति विनोद सोनी को भी मंच पर बैठने के लिए पद के हिसाब से उपयुक्त जगह नहीं मिली । महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष हर्षिता पांडेय को भी तव्वजो नहीं दी गई। अपनी ही सरकार के राष्ट्रीय कार्यक्रम में उपेक्षा से नाराज पार्टी के अनेक पदाधिकारी,कार्यकर्ता तथा कई पार्षद कार्यक्रम छोड़ कर बाहर आ गए । बड़ा सवाल यह है कि सत्तारूढ़ पार्टी के लोगो को नहीं पहचान पाने वाले अधिकारी की ड्यूटी वीआईपी गेट पर क्यों लगाई गई। इससे प्रशासन की भद्द पिट गई। अमर अग्रवाल जब मंत्री थे तो अधिकारियों की हिम्मत नहीं होती थी । आज वे मंत्री भले नहीं है ,विधायक तो हैं उनके समर्थकों के साथ बदसलूक किए जाने का मामला इतनी जल्दी खत्म नहीं होने वाली है।भाजपा की गुटीय राजनीति से भी इसे जोड़कर देखा जा रहा है । चर्चा तो यह भी है कि अमर अग्रवाल के समर्थकों के साथ ऐसा व्यवहार और कार्यक्रम में अव्यवस्था कही किसी के इशारे पर तो नहीं की जा रही ?
क्या था मामला
पुलिस मैदान में हर वर्ष 15 अगस्त और 26 जनवरी को मुख्य कार्यक्रम होता है। पहले कार्यक्रम का आमंत्रण हर आम और खास लोगों को मिलता था । पार्टी से जुड़े प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष नेता, कार्यकर्ता,पदाधिकारी,पार्षद ,मोहल्ला विकास समिति के लोगो को कार्यक्रम में शामिल होने आमंत्रित किया जाता था । प्रशासन ने यह व्यवस्था अब शायद बंद कर दी है लेकिन जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक सिंह ने केंद्रीय राज्य मंत्री द्वारा ध्वजारोहण किये जाने को देखते हुए भाजपा के प्रमुख लोगों को फोन पर कार्यक्रम में शामिल होने अनुरोध किया था इसी वजह से कार्यक्रम में अमर अग्रवाल समर्थक बड़ी संख्या में पहुंच तो गए लेकिन वहां बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में वीआईपी प्रवेश द्वार पर उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं कोषाध्यक्ष गुलशन ऋषि को प्रवेश के दौरान तौर पर रोक दिया गया। भाजपा नेताओं तथा प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रवेश द्वार पर पर तैनात आरआई या तहसीलदार ने उनका हाथ पकड़कर पीछे की ओर खींच दिया, जिससे गुलशन ऋषि लड़खड़ा गए। घटनाक्रम के दौरान वे लगातार आक्रोश जताते और चीखते नजर आए।बताया जा रहा है कि जिस समय यह घटनाक्रम हुआ, वीआईपी प्रवेश द्वार पर तहसीलदार और राजस्व निरीक्षक मौजूद थे। प्रवेश व्यवस्था को लेकर बनी स्थिति देखते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। धक्का-मुक्की के दौरान एक महिला पुलिसकर्मी भी चोटिल होने की बात सामने आई है, जबकि दो भाजपा महिला नेत्रियों को भी चोटें आने की जानकारी है। इस घटना पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने गुस्से में जोरदार आवाज लगाई।
इस अप्रत्याशित घटना के बाद वहां मौजूद भाजपा नेताओं में आक्रोश फैल गया। जिला भाजपा अध्यक्ष शहर दीपक सिंह ठाकुर ने राजस्व अधिकारियों की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मौके पर ही नाराजगी जताई। उनका सवाल था कि जब गुलशन ऋषि केंद्रीय मंत्री के साथ छत्तीसगढ़ भवन से पुलिस लाइन स्थित मुख्य समारोह स्थल तक पहुंचे थे, तो वीआईपी प्रवेश द्वार पर उन्हें इस तरह क्यों रोका गया कि धक्का-मुक्की की स्थिति पैदा हो गई। यह उल्लेखनीय है कि केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के कार्यालय में झंडा रोहण के बाद तमाम भाजपा नेता उनके साथ छग भवन पहुंचे वहां पर बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला समेत और भी भाजपा के नेता पहुंच गए । छग भवन में ध्वजारोहण के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री के काफिले के साथ तमाम भाजपा नेता पुलिस मैदान पहुंचे । वहां केंद्रीय राज्यमंत्री के मंच पर पहुंचते ही राष्ट्रगान शुरू हो गया लेकिन गेट पर कई भाजपा नेताओं को रोक दिया गया। जो नेता अंदर जा चुके थे उन लोगों ने भी गुलशन ऋषि के साथ हुए व्यवहार पर तत्काल आपत्ति जताई। कुल मिलाकर विधायक अमर अग्रवाल के समर्थकों के साथ हुए व्यवहार और उपेक्षा से भाजपा की गुटीय राजनीति उभर कर सामने आ गई है । कभी कद्दावर नेता कहे जाने वाले विधायक अमर अग्रवाल की प्रतिक्रिया अभी सामने नहीं आई है लेकिन इतना जरूर है कि मामला इतनी जल्दी शांत नहीं होने वाली है।


निर्मल माणिक/ प्रधान संपादक मोबाइल:- / अशरफी लाल सोनी 9827167176
Sat Aug 15 , 2026
बिलासपुर। एसईसीएल में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। वसंत विहार खेल मैदान एसईसीएल बिलासपुर में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर, परेड की सलामी ली। इस अवसर पर अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक ने […]