मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के 16 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में बिलासपुर आ रहे!

*मुख्यमंत्री के संभावित प्रवास के मद्देनजर तैयारियां तेज, कलेक्टर और एसएसपी ने किया कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण*

*सुरक्षा, यातायात और जनसुविधाओं के समुचित इंतजाम के निर्देश*

बिलासपुर, 14 नवंबर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के 16 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में बिलासपुर आगमन की प्रबल संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल और एसएसपी श्री रजनेश सिंह ने प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं एवं तैयारियों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

    प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री श्री साय गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। वे यहां ‘स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों का योगदान’ विषय पर आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारंभ भी करेंगे। मुख्यमंत्री लाल बहादुर शास्त्री स्कूल परिसर में जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित आमसभा को संबोधित करेंगे तथा विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे।

    मुख्यमंत्री के संभावित प्रवास में सेंदरी स्थित कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट और धान खरीदी केंद्र का अवलोकन भी प्रस्तावित है। इसके अलावा जिला कार्यालय के न्यू कंपोजिट भवन के भूतल में भारतीय स्टेट बैंक के सीएसआर मद से तैयार कंप्यूटर लैब का शुभारंभ तथा पुराना बस स्टैंड स्थित नवनिर्मित ऑटोमेटेड कार पार्किंग का लोकार्पण प्रस्तावित है।

  कलेक्टर और एसएसपी ने इन सभी स्थलों का दौरा कर सुरक्षा, पार्किंग, मंच, बैठक व्यवस्था, पेयजल और शौचालय सहित आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कार्यक्रम स्थलों पर व्यवस्थित प्रवेश एवं निकास, आम नागरिकों के सुगम आवागमन तथा पर्याप्त पार्किंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आयोजन समिति के पदाधिकारियों से चर्चा कर उनके सुझाव भी लिए गए।

    तैयारियों के अंतर्गत कार्यक्रम स्थलों एवं पहुंच मार्गों की साफ-सफाई, संकेतक लगाने, विद्युत आपूर्ति और वैकल्पिक बिजली व्यवस्था, ध्वनि प्रणाली की जांच तथा चिकित्सा दल एवं एंबुलेंस की उपलब्धता के भी निर्देश दिए। आमसभा में आने वाले बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों की सुविधा के अनुरूप बैठक एवं आवागमन की व्यवस्था की जाएगी। यातायात और भीड़ प्रबंधन के लिए पुलिस एवं संबंधित विभागों के समन्वय से व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री वीरेंद्र बहादुर पचभाई, एडीएम श्री शिवकुमार बनर्जी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पंकज पटेल एवं श्रीमती मधुलिका सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित थे।

निर्मल माणिक/ प्रधान संपादक मोबाइल:- / अशरफी लाल सोनी 9827167176

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

बिलासपुर जिले में पर्यावरणीय स्वीकृति के बाद ही सात रेत खदानें स्वीकृत

Sat Nov 14 , 2026
*छह प्रस्तावित खदानों की पर्यावरणीय सम्मति प्रक्रियाधीन; बिना पर्यावरणीय स्वीकृति खदान संचालन की खबर को खनिज विभाग ने बताया भ्रामक* बिलासपुर, 14 नवंबर/ जिले में वर्तमान में सात रेत खदानें नियमानुसार पर्यावरणीय सम्मति प्राप्त होने के उपरांत स्वीकृत की गई हैं। इनमें सोढाखुर्द, करही कच्छार, अमलडीहा, उदयबंद, निरतु, कच्छार एवं […]

You May Like

Breaking News