कंतेली स्कूल को ₹5 करोड़ की लागत से मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा, SECL के CSR मद से राशि स्वीकृत

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय पहुंचे केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू के गृहग्राम डिंडौरी, परिवारजनों से की आत्मीय मुलाकात*

**आजादी के बाद पहली बार गांव पहुंचे मुख्यमंत्री, श्री तोखन साहू के पिता से लिया आशीर्वाद, बड़ी अम्मा को किया प्रणाम, बच्चों को दुलारा**

 

**कभी स्कूली शिक्षा के लिए डिंडौरी से कंतेली पैदल जाते थे श्री तोखन साहू, आज उसी कंतेली में महाविद्यालय की सौगात; मुंगेली जिले को मिले 465 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य**

**मुंगेली।** मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री श्री तोखन साहू के गृहग्राम डिंडौरी पहुंचकर उनके परिवारजनों से आत्मीय भेंट की। आजादी के बाद पहली बार किसी मुख्यमंत्री का डिंडौरी आगमन हुआ। मुख्यमंत्री के स्वागत में पूरा गांव उत्सव के रंग में नजर आया। अपने गांव के बेटे के घर प्रदेश के मुखिया को पाकर ग्रामीणों ने गौरव और प्रसन्नता व्यक्त की।

मुख्यमंत्री श्री साय कंतेली में नवीन महाविद्यालय की सौगात और मुंगेली जिले को 465 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात देने के बाद डिंडौरी पहुंचे। यह अवसर विशेष रूप से भावुक रहा, क्योंकि श्री तोखन साहू कभी स्कूली शिक्षा प्राप्त करने के लिए डिंडौरी से कंतेली तक पैदल जाया करते थे। आज उसी कंतेली में महाविद्यालय की स्थापना क्षेत्र के युवाओं के लिए उनके संघर्षपूर्ण विद्यार्थी जीवन से जुड़ी एक प्रेरक उपलब्धि बन गई है।

डिंडौरी में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की सादगी और सहजता का सुंदर दृश्य देखने को मिला। उन्होंने श्री तोखन साहू के पिता श्री बलदाऊ साहू को प्रणाम किया तथा बड़ी अम्मा श्रीमती रामबाई से परिचय होने पर उन्हें भी सादर प्रणाम कर आशीर्वाद लिया। परिवार के बच्चों को दुलार किया और सभी से आत्मीयता के साथ मिले। मुख्यमंत्री के इस व्यवहार में श्री तोखन साहू और उनके परिवार के प्रति सम्मान एवं अपनत्व की झलक दिखाई दी।

 मुख्यमंत्री के स्वागत में सुवा नृत्य, रामधुन की प्रस्तुतियां दी गईं। घर के आंगन में मुख्यमंत्री और श्री तोखन साहू की आकर्षक रंगोली बनाई गई तथा परिवारजनों ने आरती और पुष्पवर्षा से अभिनंदन किया।

डिंडौरी का यह अवसर एक सुंदर संदेश दे गया—पद और प्रतिष्ठा कितनी भी ऊंची हो जाए, अपनी जड़ों, संस्कारों और रिश्तों से जुड़ाव ही व्यक्ति की असली पहचान है। जिस गांव की पगडंडियों से श्री तोखन साहू ने अपने सपनों का सफर शुरू किया, उसी गांव में मुख्यमंत्री का पहुंचना और उसी क्षेत्र में शिक्षा के नए अवसरों का खुलना ग्रामीणों के लिए अविस्मरणीय क्षण बन गया।

 *जहाँ केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने की स्कूली पढ़ाई, वहाँ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी महाविद्यालय की सौगात; मुंगेली जिले को मिले ₹465.40 करोड़ के विकास कार्य

जिस धरती पर पैदल चलकर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने अपनी स्कूली शिक्षा की नींव रखी थी, आज उसी ग्राम कंतेली को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने उच्च शिक्षा की बड़ी सौगात दी है। शुक्रवार को ग्राम कंतेली में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री श्री साय और केंद्रीय राज्यमंत्री श्री साहू ने नवीन महाविद्यालय का शुभारंभ करने के साथ ही जिले के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।

 

*भावुक हुए केंद्रीय राज्यमंत्री, साझा किए बचपन के संघर्ष*

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू भावुक हो उठे। कंतेली से जुड़े अपने विद्यार्थी जीवन को याद करते हुए उन्होंने बताया कि वे अपने गृह ग्राम डिडौंरी से प्रतिदिन पैदल चलकर कंतेली पढ़ने आया करते थे। उन्होंने कहा, “मन में शिक्षा प्राप्त करने और आगे बढ़ने का दृढ़ संकल्प था। इसी मिट्टी और यहाँ मिली शिक्षा ने मेरे जीवन की नींव रखी है। आज उसी कंतेली में महाविद्यालय का शुभारंभ होना मेरे लिए अत्यंत गौरव और भावनात्मक क्षण है। अब हमारे ग्रामीण अंचल के युवाओं और बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज भटकना नहीं पड़ेगा।”

 

*₹5 करोड़ से संवरेगा कंतेली स्कूल, बनेगा मॉडल स्कूल*

 

श्री साहू ने बताया कि जिस स्कूल में उन्होंने पढ़ाई की, उसे आधुनिक सुविधाओं से युक्त ‘मॉडल स्कूल’ के रूप में विकसित करने के लिए SECL के CSR मद से ₹5 करोड़ की राशि स्वीकृत कराई गई है, जिसकी टेंडर प्रक्रिया प्रगति पर है। इसके तहत स्कूल में डिजिटल कक्षाएं, आधुनिक प्रयोगशालाएं और खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे पूर्व विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवॉल का निर्माण भी पूर्ण कराया जा चुका है।

 *मुंगेली जिले को ₹465.40 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात*

 इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने मुंगेली जिले के चहुंमुखी विकास के लिए ₹465 करोड़ 40 लाख से अधिक की लागत के कुल 77 विकास कार्यों की सौगात दी:

 * लोकार्पण: ₹68 करोड़ से अधिक की लागत के 24 कार्य।

 * भूमिपूजन: ₹397 करोड़ से अधिक की लागत के 53 कार्य।

इन कार्यों से जिले में सड़क, सिंचाई, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का व्यापक विस्तार होगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने ग्राम कंतेली में नए पंचायत भवन व महाविद्यालय भवन तथा ग्राम देवरी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मृति वाटिका के निर्माण की भी महत्वपूर्ण घोषणा की।

निर्मल माणिक/ प्रधान संपादक मोबाइल:- / अशरफी लाल सोनी 9827167176

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Like

Breaking News