
* छत्तीसगढ़ के जैन जी का गौ संरक्षण के लिए अनुकरणीय प्रयास
* अभिषेक पाण्डेय एवं उनकी टीम के गौ सेवा कार्यों की हुई सराहना
बिलासपुर/छतौना:
‘वन्दे मातरम् मित्र मण्डल’ की 274वीं ऐतिहासिक बैठक बिलासपुर के छतौना ग्राम में भव्यता और उत्साह के साथ संपन्न हुई। इस विशेष बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष (राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त) राजीव लोचन दास जी महाराज उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वन्दे मातरम् मित्र मंडल के प्रान्ताध्यक्ष महेन्द्र जैन ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य गौ सेवा, सनातन संस्कृति का संरक्षण, सामाजिक समरसता और हिन्दू समाज को संगठित करना रहा।
प्रमुख वक्ता: राजीव लोचन दास जी महाराज (उपाध्यक्ष, गौ सेवा आयोग)
मुख्य वक्ता के रूप में अपने ओजस्वी और प्रेरक संबोधन में महाराज श्री ने गोवंश संरक्षण और सनातन संस्कृति के कई गहरे पहलुओं को रेखांकित किया:
* गोवर्धन और गोवंश रक्षा का प्रसंग: महाराज श्री ने स्पष्ट किया कि भगवान श्री कृष्ण ने गोवर्धन पर्वत से गोवंश की रक्षा नहीं की थी, अपितु इन्द्र के प्रकोप को अपने सुदर्शन चक्र से थामा था। सुदर्शन चक्र की तपन और ऊर्जा से गोवंश को सुरक्षित रखने के लिए भगवान ने गोवर्धन पर्वत का आश्रय लिया था।

* हिन्दू धर्म और संस्कृति: उन्होंने हिन्दुओं की परिभाषा स्पष्ट करते हुए कहा कि जो वेदों को न माने, वह हिन्दू नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि जिस-जिस भू-भाग पर गाय कटती है, वह देश और भूमि कटती चली जाती है।
* गोबर पेंट का उपयोग व आर्थिक लाभ: महाराज जी ने गोबर से बने पेंट के प्रयोग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि आज देश में 45 स्थानों पर गोबर से पेंट का निर्माण हो रहा है, जो केमिकल वाले पेंट की तुलना में बेहद किफायती (चौथाई कीमत) और अधिक टिकाऊ है। उन्होंने त्योहारों पर गोबर से बने पेंट और दीपों के उपयोग के लिए प्रेरित किया।

* गोवंश पालन की नई सोच: उन्होंने कहा कि हमें गोवंश को केवल दुग्ध उत्पादन के लिए नहीं, बल्कि गोबर उत्पादन के आर्थिक लाभ के लिए भी पालना चाहिए, क्योंकि गोबर बछड़ा और बछिया दोनों से प्राप्त होता है।
* सनातन की रक्षा का संदेश: महाराज श्री ने आह्वान किया कि सनातन को जीवंत रखना है तो गोवंश की रक्षा अनिवार्य है। ‘गौ, गंगा, गायत्री, गीता और ग्राम’ की रक्षा के बिना सनातन संस्कृति की कल्पना नहीं की जा सकती।
अतिथियों एवं वक्ताओं के विचार
* प्रान्ताध्यक्ष महेन्द्र जैन:
प्रान्ताध्यक्ष महेन्द्र जैन ने 274 बैठकों की गौरवशाली उपलब्धि साझा करते हुए बताया कि मण्डल द्वारा हिन्दू समाज को संगठित करने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। वर्तमान में 53 मंदिरों में हनुमान चालीसा का सतत पाठ, बहनों को दण्ड एवं कराटे का प्रशिक्षण, धर्मांतरण के विरुद्ध अभियान और सामाजिक समरसता के जरिए ऊंच-नीच की खाई को पाटने का कार्य हो रहा है। उन्होंने अभिषेक पाण्डेय एवं उनकी टीम के गौ संरक्षण कार्यों को सराहनीय व अनुकरणीय बताया।
* श्री प्रदीप शर्मा (नगर संघचालक, बिलासपुर):
उन्होंने कहा कि सेवा भाव से गौ सेवा का बीड़ा उठाने वाले गोपालक साधुवाद के पात्र हैं। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि पशुपालक केवल दूध देने वाले पशुओं को रखकर शेष को आवारा छोड़ देते हैं, ऐसे में ‘गौ सेवा धाम’ द्वारा उनका उपचार करना एक अत्यंत सराहनीय कार्य है।
* सिंधी धर्म गुरु लाल साईं जी:
उन्होंने समाज की वर्तमान स्थिति पर कटाक्ष करते हुए कहा कि, “जो व्यक्ति निद्रावस्था में है, उसे जगाया जा सकता है, किंतु जो नाटक और नखरे में सोया हुआ है, उसे जगाना सबसे कठिन है—आज हमारे समाज की कुछ ऐसी ही स्थिति है।”
बैठक को संतोष कौशिक, राधिका राकेश कौशिक, और संगीता विनोद कौशिक ने भी संबोधित किया।
* संगठन गीत: जयप्रकाश लाल,शपथ: नरेंद्र यादव, राष्ट्र गीत: पूर्णिमा पिल्ले, मंच संचालन: पूजा तिवारी,आभार प्रदर्शन: अभिषेक पाण्डेय ने किया
बैठक के अंत में सभी उपस्थित जनों ने गोवंश और सनातन धर्म की रक्षा का संकल्प लिया।

