अन्नदाताओं के स्वागत को तैयार बिलासपुर के सभी 154 धान उपार्जन केंद्र, खरीदी 15 नवंबर से

 

*दो माह तक चलने वाले राज्य सरकार के सबसे बड़े अभियान की तैयारियां पूर्ण; जिले के 1.36 लाख किसानों ने कराया पंजीयन*

*कलेक्टर और एसएसपी ने सेंदरी केंद्र का किया निरीक्षण, सभी नोडल अधिकारियों ने दी केंद्र तैयार होने की रिपोर्ट*

बिलासपुर, 14 नवंबर 2026/मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में अन्नदाताओं की उपज की खरीदी के लिए दो माह तक चलने वाले राज्य सरकार के सबसे बड़े अभियान का शुभारंभ 15 नवंबर से होगा। बिलासपुर जिले में धान खरीदी की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जिले के सभी 154 उपार्जन केंद्र किसानों के स्वागत के लिए तैयार हैं। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान बेचने के लिए जिले के लगभग 1 लाख 36 हजार किसानों ने पंजीयन कराया है। किसानों की सुविधा, पारदर्शिता और सुचारु खरीदी व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए केंद्रों में आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।

कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह ने सेंदरी धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र में धान खरीदी के लिए की गई व्यवस्थाएं देखीं। जिले के सभी उपार्जन केंद्रों के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों ने भी अपने केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियां पूर्ण होने की रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी है। जिला प्रशासन द्वारा खाद्य एवं संबंधित विभागों के समन्वय से खरीदी व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है।

उपार्जन केंद्रों में बारदाने, इलेक्ट्रॉनिक तौल उपकरण और ऑनलाइन खरीदी प्रक्रिया सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रशासन का प्रयास है कि किसानों को अपनी मेहनत की उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुविधाजनक ढंग से खरीदी संपन्न हो।

*पहले दिन के लिए 151 टोकन जारी, 504.18 मीट्रिक टन धान की आवक प्रस्तावित*

15 नवंबर को धान विक्रय के लिए 14 नवंबर की रिपोर्ट के अनुसार जिले के 95 उपार्जन केंद्रों के लिए कुल 151 टोकन जारी किए जा चुके हैं। इनमें 62 टोकन समितियों के माध्यम से और 89 टोकन मोबाइल एप से जारी हुए हैं। इन टोकनों के अनुसार कुल 504.18 मीट्रिक टन धान की आवक प्रस्तावित है। इसमें समितियों द्वारा जारी टोकन की मात्रा 159.38 मीट्रिक टन और मोबाइल एप से जारी टोकन की मात्रा 344.80 मीट्रिक टन है।

*टोकन में निर्धारित तिथि पर धान लेकर पहुंचें किसान*

धान खरीदी की व्यवस्था टोकन आधारित रहेगी। किसान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन अथवा ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल एप से टोकन प्राप्त कर सकते हैं। किसानों से अपील की गई है कि वे टोकन में उल्लिखित तिथि पर संबंधित उपार्जन केंद्र में धान लेकर पहुंचें। धान विक्रय के समय अपना आधार कार्ड एवं आवश्यक दस्तावेज साथ रखें। खरीदी एवं तौल के दौरान टोकन के आधार पर आधार सत्यापन किया जाएगा।मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप किसानों की सुविधा और सहूलियत के साथ धान खरीदी संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है। विभागीय अधिकारियों और केंद्र प्रभारियों के समन्वय से जिले में व्यवस्थित एवं पारदर्शी खरीदी सुनिश्चित की जाएगी।

निर्मल माणिक/ प्रधान संपादक मोबाइल:- / अशरफी लाल सोनी 9827167176

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने स्ट्रीट वेंडर की चाय का लिया लुत्फ, पथ विक्रेताओं के साथ किया लंच

Sat Nov 14 , 2026
*स्वनिधि महोत्सव में स्ट्रीट वेंडर्स ने उप मुख्यमंत्री को सुनाई अपनी कहानी* बिलासपुर. 14 नवम्बर 2026. नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) द्वारा आज राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित स्वनिधि महोत्सव में स्ट्रीट वेंडर्स द्वारा लगाए गए फूड स्टॉल्स के भ्रमण […]

You May Like

Breaking News