सिम्स में विश्व मधुमेह दिवस पर मधुमेह क्लीनिक की शुरुआत, 2300 मरीजों की हुई जांच

हर शनिवार रूम नंबर 35 में सुबह 11से 02 बजे तक मिलेगी शुगर के मरीजों को विशेष चिकित्सा सुविधा, समय पर जांच और जीवनशैली में बदलाव पर दिया जोर

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) चिकित्सालय, बिलासपुर में विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर मधुमेह क्लीनिक की शुरुआत की गई। इस अवसर पर कार्यशाला एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मरीजों की जांच के साथ उन्हें मधुमेह से बचाव, समय पर पहचान और बेहतर जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन आरएसएसडीआई छत्तीसगढ़, एसोसिएशन ऑफ फिजिशियन ऑफ इंडिया (एपीआई), बिलासपुर चैप्टर तथा सिम्स के मेडिसिन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस वर्ष की थीम “Early Action on Diabetes – मधुमेह पर समय रहते कार्रवाई करें” रखी गई। इसके साथ ही “Screen Today, Prevent Tomorrow – Act Early Against Diabetes” का संदेश देते हुए लोगों को नियमित जांच कराने और बीमारी के शुरुआती संकेतों को गंभीरता से लेने की अपील की गई।

2300 मरीजों की स्क्रीनिंग, 3000 जांचें की गईं

विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर सिम्स चिकित्सालय की विभिन्न ओपीडी में लगभग 2300 मरीजों की स्क्रीनिंग की गई। इस दौरान ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर की कुल लगभग 3000 जांचें की गईं। जिसमें 30 नये मरीज ब्लड प्रेशर व शुगर के मिले 

मरीजों को बताया गया कि मधुमेह की समय रहते पहचान होने पर इसके गंभीर दुष्परिणामों से बचाव संभव है। साथ ही संतुलित खानपान, नियमित व्यायाम, शारीरिक सक्रियता और वजन नियंत्रण को मधुमेह की रोकथाम का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया गया।

लोगों को साबुत अनाज, दालें, हरी सब्जियां और ताजे फल को भोजन में शामिल करने तथा अधिक मीठे पदार्थ, केक, कोल्ड ड्रिंक, मैदा, अत्यधिक तेल वाले भोजन और प्रोसेस्ड फूड से परहेज करने की सलाह दी गई।

अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा – युवाओं में भी तेजी से बढ़ रहा मधुमेह

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि मधुमेह आज एक गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती बन चुका है। पहले इसे अधिक उम्र के लोगों की बीमारी माना जाता था, लेकिन अब कम उम्र के युवा भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। इसका एक बड़ा कारण बदलती जीवनशैली, शारीरिक गतिविधियों में कमी, अनियमित खानपान और बढ़ता मोटापा है। उन्होंने कहा कि मधुमेह की सबसे बड़ी चुनौती यह है कि शुरुआती अवस्था में कई बार इसके स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देते और व्यक्ति को बीमारी का पता तब चलता है, जब शरीर के महत्वपूर्ण अंगों पर इसका प्रभाव पड़ने लगता है। इसलिए नियमित स्वास्थ्य जांच बेहद जरूरी है। यदि समय रहते बीमारी की पहचान हो जाए तो खानपान में सुधार, नियमित व्यायाम और उचित चिकित्सकीय परामर्श से इसे काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। सिम्स में मधुमेह क्लीनिक की शुरुआत इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे मरीजों को एक ही स्थान पर जांच, परामर्श और उपचार की सुविधा मिलेगी।

डॉ. लखन सिंह ने कहा – अब हर शनिवार मिलेगा विशेष परामर्श और उपचार

आरएसएसडीआई छत्तीसगढ़ के स्टेट सेक्रेटरी एवं सिम्स के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने कहा कि मधुमेह के उपचार में सबसे महत्वपूर्ण बात बीमारी की समय पर पहचान और नियमित फॉलोअप है। कई लोग शुरुआती अवस्था में शुगर बढ़ने को सामान्य मानकर नजरअंदाज कर देते हैं, जबकि यही लापरवाही आगे चलकर हृदय, किडनी, आंखों और नसों से जुड़ी गंभीर समस्याओं का कारण बन सकती है। उन्होंने बताया कि मरीजों को बेहतर और नियमित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सिम्स में मधुमेह क्लीनिक प्रारंभ किया गया है। अब प्रत्येक शनिवार को रूम नंबर 35 में मधुमेह के नए और पुराने मरीजों की जांच, काउंसलिंग एवं उपचार किया जाएगा। इस क्लीनिक का संचालन वे स्वयं अपनी टीम के साथ करेंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि 30 वर्ष की आयु के बाद प्रत्येक व्यक्ति को साल में कम से कम एक बार ब्लड शुगर की जांच अवश्य करानी चाहिए। जिनके परिवार में मधुमेह का इतिहास है या जिनका वजन अधिक है, उन्हें विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। नियमित जांच और चिकित्सकीय सलाह से बीमारी को शुरुआती स्तर पर ही नियंत्रित किया जा सकता है।

डॉ. अविजित रायजादा ने कहा – प्री-डायबिटीज को गंभीरता से लें, समय रहते बदलें जीवनशैली

आरएसएसडीआई छत्तीसगढ़ के स्टेट चेयरमैन डॉ. अविजित रायजादा ने कहा कि वर्तमान समय में प्री-डायबिटीज एक बड़ी चिंता का विषय है। इस अवस्था में व्यक्ति का ब्लड शुगर सामान्य से अधिक होता है, लेकिन वह अभी मधुमेह की निर्धारित श्रेणी में नहीं पहुंचा होता। यह शरीर की ओर से मिलने वाला एक चेतावनी संकेत है। यदि इस अवस्था में व्यक्ति अपनी जीवनशैली में सुधार कर ले तो टाइप-2 मधुमेह के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट पैदल चलना, नियमित शारीरिक व्यायाम करना, वजन नियंत्रित रखना और संतुलित भोजन लेना आवश्यक है। तंबाकू एवं शराब से दूरी बनाना तथा समय-समय पर ब्लड शुगर की जांच कराना भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि मधुमेह होने के बाद उपचार करने से बेहतर है कि बीमारी की आशंका को पहले ही पहचानकर बचाव के उपाय अपनाए जाएं। जागरूकता, नियमित जांच और जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव ही मधुमेह से बचाव का प्रभावी माध्यम हैं।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में डॉ. अमित ठाकुर, डॉ. विवेकानंद मिश्रा, डॉ. सुयश सिंह, घनश्याम कंवर, डॉ. नवनीत अग्रहरि, डॉ. अभिमन्यु, डॉ. बुरहान, डॉ. संदीप, डॉ. अमिता, डॉ. चंद्रशेखर सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।

नर्सिंग अधीक्षक श्रीमती स्वाति कुमार के साथ सरिता बहादुर, उज्ज्वल दास, नमिता वाणी, पिंकी दास, राजकुमारी चौहान, पुष्प लता शर्मा सहित नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

निर्मल माणिक/ प्रधान संपादक मोबाइल:- / अशरफी लाल सोनी 9827167176

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

विश्व मधुमेह दिवस 2026 पर एसईसीएल मुख्यालय में ब्लड शुगर जांच शिविर का आयोजन

Sat Nov 14 , 2026
बिलासपुर. विश्व मधुमेह दिवस 2026 के अवसर पर एसईसीएल मुख्यालय, बिलासपुर में “मधुमेह की समय पर पहचान” थीम के अंतर्गत ब्लड शुगर जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य मधुमेह के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नियमित जांच एवं समय पर उपचार के महत्व को रेखांकित करना था। […]

You May Like

Breaking News