
21 अक्टूबर 2026 को न्यायधानी बिलासपुर, महामाया मंदिर, रतनपुर के छोर में बसे गाँव सेमरताल में ‘कूर्मि परिवार दर्शन सेमरताल’ का ऐतिहासिक सम्मिलन कार्यक्रम आयोजित हुआ।इस आयोजन में गहवई कूर्मि (गहवई, कौशिक, वर्मा) समाज के 250 वर्षों से निवासरत 9 पीढ़ी के कौटुंबिक सदस्यों के साथ ही छत्तीसगढ़िया संस्कृति में घुले-मिले महाप्रसाद एवं मितनहा परिवार के विभिन्न जातीय वर्ग से अभिन्न सदस्यों की दमदार उपस्थिति रही। आकलन के अनुसार छत्तीसगढ़ में निवासरत कूर्मि समाज के 25 इकाई (फिरका) में से गहवई, पाटनवार, सरेठी, अथरिया, बैसवाड़े, कनौजिया,राजवाड़े, चन्द्रनाहू, चंदनिया, देशहा, सिंगरौल, मनवा, सनाढ्य, चन्द्राकर, गभेल, सिंह , पटेल इकाई की सहभागिता एवं मितनहा-विभिन्न जातीय वर्ग से देवांगन, धीवर, अघरिया, ठाकुर, ब्राह्मण, साहू, अग्रवाल, सूर्यवंशी, आदिवासी एवं पंजाबी सदस्यों का प्रतिनिधित्व रहा।एक जाति का विस्तार समग्र जाति के एकीकरण पर सिमटता हुआ प्रतीत हो रहा था।हमारी संस्कृति की अवधारणा भी तो कुछ इसी तरह है–
अवधारणा :
• व्यक्ति से परिवार
– परिवार से समाज
– समाज से राष्ट्र
– राष्ट्र से विश्व
– विश्व से सम्पूर्ण सृष्टि तक आत्मीयता का विस्तार।
सीख:
हमारे पूर्वजों ने भी एक सीख दी , प्रसिद्ध वैदिक शांति मंत्र को सिखाया-पढ़ाया तथा दिनचर्या में शामिल कराया-
सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः।
सर्वे भद्राणि पश्यन्तु, मा कश्चिद् दुःखभाग्भवेत्॥
संपूर्ण विश्व और सृष्टि के लिए यही कामना है कि सभी सुखी हों, सभी रोगमुक्त रहें, सभी का जीवन मंगलमय हो और किसी को दुःख का भागी न बनना पड़े।
संस्कृति की अवधारणा और पूर्वजों की सीख ही हमारी वंश परंपरा है। परिवार में धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का लाभ पीढ़ियों को जोड़े रखने में होता है। पूर्वज हमारी जड़े हैं, वर्तमान हमारी पहचान है और भावी पीढ़ियाँ हमारी विरासत हैं । आयोजन में विमोचित -प्रकाशित `कूर्मि परिवार दर्शन ग्रंथ’ इन्हीं भावों को
प्रदर्शित करने में सफल रहा। पुस्तक के प्रधान संपादक, चिंतक एवं विचारक इंजी. लक्ष्मी कुमार गहवई अपने कर्मठ संपादकों – अनिल वर्मा, यदुनन्दन कौशिक, रामावतार गहवई, मूलचंद कौशिक, राधावल्लभ गहवई यज्ञेश कौशिक आदि के अनथक प्रयासों से पूर्वजों की खोज-परक जड़ों तक पहुँचने के दूभर कार्य को साधने में सफल हुए। जहाॅं पितृ सत्तात्मक समाज में दो-तीन पीढ़ी के बाद मातृ-सत्ता मानो विलीन हो जाती है,तब भी नौ पीढ़ी तक उनका नाम, जन्म -तिथि /वर्ष वैवाहिक-जानकारी आदि ढूंढ़ निकालना अद्भुत कार्य है। जन्मतिथि एवं अधिकांश पूर्वजों के फोटो के साथ विवरण प्रकाशित करने से पुस्तक पूर्ण प्रमाणिक लग रहा है।
मनुष्य का जीवन अपनी जड़ों, परम्पराओं और पूर्वजों से जुड़कर ही पूर्णता प्राप्त करता है। वंशावली केवल किसी परिवार के पूर्वजों के नामों का विवरण मात्र नहीं है, बल्कि यह परिवार के इतिहास, परंपरा, संस्कार, संस्कृति और गौरवशाली विरासत का जीवंत दस्तावेज है। इसके माध्यम से अपने पूर्वजों के जीवन व्यक्तित्व, सामाजिक योगदान, संघर्षों और उपलब्धियों को जानने का अवसर प्राप्त होता है। समय के साथ अनेक महत्वपूर्ण जानकारियाँ, पारिवारिक घटनाएँ और पूर्वजों से जुड़ी स्मृतियाँ विस्मृत होती जाती है। इस वंशावली में उन स्मृतियों और तथ्यों को यथासंभव संकलित कर सुरक्षित रखने का प्रयास किया गया है।
`कूर्मि दर्शन ग्रंथ’ प्रकाशन में एक अव्यक्त पहलू भी है जिसकी जानकारी मुझे है, यदि प्रगट नहीं करूंगा तो अन्याय होगा। कहते हैं “पुरुष की सफलता के पीछे नारी का हाथ होता है”। वंशावली बनाने एवं पुस्तक प्रकाशन संबंधी प्रारंभिक चर्चा से लेकर पुस्तक के मूर्त रूप लेने के पूर्व तक श्री लक्ष्मी गहवई की धर्मपत्नी श्रीमती गंगा गहवई का बहुमूल्य योगदान रहा। जिनके सम्बल, साहस, प्रेरणा,विश्वास भरे सुझाव, पारिवारिक जटिलताओं का आत्मविश्वासी – समाधान खास के चलते श्री लक्ष्मी कुमार गहवई पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा, आत्मविश्वास जगा और तब फिर वंशावली संबंधी पुस्तक प्रकाशित करने का ध्येय पूर्ण हुआ। श्री गहवई की उपलब्धियाँ तो सब देख लिए पर उपलब्धियों के पीछे श्रीमती गंगा गहवई के दिवंगत हो जाने के फलस्वरूप उनके योगदान को अन्य कोई महसूस तक नहीं कर पाए। एक काम अच्छा हुआ कि पुस्तक को श्रीमती गंगा गहवई के नाम अर्पण कर उनके योगदान को चिरस्थायी बनाने का प्रयास किया गया । यह स्तुत्य है। उन्हें मेरा भावपूर्ण श्रद्धांजली।
इस पुस्तक का प्रकाशन गहन शोधके साथ किया गया है जो अन्यों के शोध हेतु भी उपयोगी होगा। अच्छे कार्यो का लोगों पर अच्छा प्रभाव पड़ता है, फलतः यह पुस्तक अन्यों के लिए प्रेरणा स्वरूप होगा। अपनी जड़ों को जानने समझने हेतु लोगों को यह पुस्तक सतत सम्बल प्रदान करता रहेगा, ऐसी आशा की जा सकती है।
अंत में इस पुस्तक के प्रेरणास्पद प्रकाशन हेतु श्री लक्ष्मी कुमार गवहई एवं प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष संलग्न रहे सभी स्वजनों को बहुत बहुत बधाई!साधूवाद।
लेखक: सिद्धेश्वर पाटनवार समाजसेवी, अरविन्दनगर, सरकण्डा, बिलासपुर


