संविधान हमारी लोकतांत्रिक चेतना, सामाजिक न्याय और राष्ट्रीय एकता का आधार है : केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू

*डी. पी. विप्र महाविद्यालय में संविधान दिवस समारोह में हुए शामिल, बाबासाहेब डॉ. अंबेडकर के विचारों और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी  के नेतृत्व में पंचतीर्थ के निर्माण को बताया ऐतिहासिक पहल*

**बिलासपुर।** संविधान दिवस के अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री श्री तोखन साहू डी. पी. विप्र महाविद्यालय, बिलासपुर में आयोजित संविधान दिवस समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने भारतीय संविधान की मूल भावना, संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक न्याय तथा संविधान निर्माता परम पूज्य बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत की लोकतांत्रिक चेतना, सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और प्रत्येक नागरिक की गरिमा का आधार है।

श्री साहू ने कहा कि 26 नवंबर 1949 भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का अत्यंत गौरवशाली दिन है, जब संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकार किया। 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू होने के साथ देश ने एक ऐसी लोकतांत्रिक व्यवस्था को अपनाया, जो प्रत्येक नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व का अधिकार सुनिश्चित करती है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए संविधान सभा के सभी सदस्यों और विशेष रूप से प्रारूप समिति के अध्यक्ष बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।

उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हमारी हजारों वर्षों की सभ्यता, सांस्कृतिक चेतना और शाश्वत जीवन मूल्यों की आधुनिक अभिव्यक्ति है। ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ और ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ की भावना हमारी सांस्कृतिक परंपरा का मूल रही है। सहिष्णुता, विविधता में एकता, समानता और सबके कल्याण की यही भावना हमारे संविधान की आत्मा में भी दिखाई देती है। संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ राष्ट्र और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध भी कराता है।

**बाबासाहेब का संघर्ष, सामाजिक न्याय की प्रेरणा**

बाबासाहेब के जीवन और योगदान का उल्लेख करते हुए श्री साहू ने कहा कि सामाजिक भेदभाव, छुआछूत और विषम परिस्थितियों का सामना करने के बावजूद उन्होंने शिक्षा को अपनी सबसे बड़ी शक्ति बनाया। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को अधिकार, सम्मान तथा समान अवसर दिलाने के लिए समर्पित कर दिया। संविधान निर्माण में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही। मौलिक अधिकारों, समान मताधिकार और सामाजिक न्याय की संवैधानिक व्यवस्था के माध्यम से उन्होंने एक ऐसे भारत की नींव रखी, जहाँ प्रत्येक नागरिक को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर मिले।

उन्होंने कहा कि बाबासाहेब का जीवन हमें सिखाता है कि शिक्षा, दृढ़ इच्छाशक्ति और संघर्ष के बल पर सामाजिक परिस्थितियों को बदला जा सकता है। उनका मूल मंत्र ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो’ आज भी समाज और विशेषकर युवा पीढ़ी के लिए उतना ही प्रासंगिक है।

**प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी  ने बाबासाहेब की विरासत को राष्ट्रीय गौरव से जोड़ा**

श्री साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी  के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने बाबासाहेब डॉ. अंबेडकर के विचारों, योगदान और विरासत को राष्ट्रीय चेतना के केंद्र में स्थापित करने का ऐतिहासिक कार्य किया है। वर्ष 2015 में बाबासाहेब की 125वीं जयंती के अवसर पर 26 नवंबर को प्रतिवर्ष संविधान दिवस मनाने की शुरुआत की गई। इस पहल ने देश की नई पीढ़ी को संविधान और उसके निर्माताओं के योगदान से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी  की दूरदर्शी सोच से पंचतीर्थ का विकास बाबासाहेब के जीवन, संघर्ष और विचारों को राष्ट्रीय सम्मान प्रदान करने वाली ऐतिहासिक पहल है। मध्य प्रदेश के महू की जन्मभूमि, लंदन की शिक्षाभूमि, महाराष्ट्र के नागपुर की दीक्षाभूमि, दिल्ली की महापरिनिर्वाण भूमि और मुंबई की चैत्यभूमि को विकसित कर राष्ट्रीय गौरव एवं प्रेरणा के केंद्रों के रूप में प्रतिष्ठित किया गया है। ये पंचतीर्थ केवल स्मारक नहीं, बल्कि शिक्षा, समानता, आत्मसम्मान और सामाजिक न्याय के संदेश को आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाने वाले प्रेरणास्थल हैं।

श्री साहू ने आगे कहा कि नई दिल्ली में डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर की स्थापना, बाबासाहेब के साहित्य एवं विचारों का डिजिटल संरक्षण तथा उनके नाम पर भीम ऐप की शुरुआत जैसे कदम उनके विचारों को आधुनिक भारत की विकास यात्रा से जोड़ते हैं। अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम को सशक्त बनाना, ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा प्रदान करना, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण तथा अनुसूचित जाति-जनजाति के राजनीतिक आरक्षण की अवधि में विस्तार जैसे निर्णय सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी  के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। यह देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में मातृशक्ति की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। इसी प्रकार जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35ए हटाकर संवैधानिक समानता की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।

**संविधान का सम्मान अधिकारों के साथ कर्तव्यों के निर्वहन में भी निहित है**

श्री साहू ने कहा कि संविधान की वास्तविक शक्ति तभी प्रकट होती है, जब प्रत्येक नागरिक उसके आदर्शों को अपने आचरण में उतारे। बाबासाहेब का सपना ऐसा भारत बनाने का था, जहाँ किसी व्यक्ति की पहचान उसकी जाति, सामाजिक स्थिति या आर्थिक परिस्थिति से नहीं, बल्कि उसकी प्रतिभा, परिश्रम और योग्यता से निर्धारित हो। इस सपने को साकार करने के लिए हमें सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर समानता, बंधुत्व और समरसता को अपने जीवन का हिस्सा बनाना होगा।

उन्होंने विद्यार्थियों से विशेष रूप से आह्वान किया कि वे बाबासाहेब के विचारों को आत्मसात करें और शिक्षा को समाज तथा राष्ट्र के परिवर्तन का माध्यम बनाएँ। युवा पीढ़ी संविधान के मूल्यों को समझकर जिम्मेदार नागरिक बने तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करे।

कार्यक्रम के समापन पर श्री साहू ने कहा कि संविधान की भावना को आत्मसात करना ही बाबासाहेब के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। आइए, हम सभी संविधान की मर्यादा, लोकतांत्रिक परंपराओं और सामाजिक न्याय के संकल्प को मजबूत करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ एक सशक्त, समरस, आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।

**इस अवसर पर बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला, अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एल. पी. पाटेरिया, कुलसचिव श्री तारणीश गौतम सहित विभिन्न शिक्षाविद, प्रबुद्धजन एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।*

निर्मल माणिक/ प्रधान संपादक मोबाइल:- / अशरफी लाल सोनी 9827167176

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

भारत में बाल पोषण को मजबूत बनाना: एनीमिया से व्यापक रूप से निपटने के लिए संपदा से मिली अंतर्दृष्टि

Sat Nov 28 , 2026
आईसीएमआर-एनआईएन द्वारा 2023-25 ​​के दौरान किया गया सर्वे फॉर असेसमेंट ऑफ मार्कर्स ऑफ पॉपुलेशन हेल्थ, एक्टिविटी, डाइट एंड एंथ्रोपोमेट्री (संपदा), भारत की पोषण संबंधी चुनौतियों को और अधिक व्यापक रूप से समझने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। संपदा केवल एनीमिया से पीड़ित बच्चों की गिनती करने से आगे […]

You May Like

Breaking News