बिलासपुर में 4 और 5 दिसंबर को राज्य स्तरीय युवा महोत्सव, 33 जिलों के करीब 3 हजार प्रतिभागी होंगे शामिल

*खेल संचालक ने बहतराई में तैयारियों का लिया जायजा, 30 नवंबर तक सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश*

बिलासपुर, 27 नवंबर 2026/ प्रदेश के युवाओं की कला, संस्कृति और रचनात्मक प्रतिभा का संगम आगामी 4 एवं 5 दिसंबर को बिलासपुर के बहतराई स्थित स्वर्गीय बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र में होगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में प्रदेश के सभी 33 जिलों से लगभग तीन हजार प्रतिभागी शामिल होंगे। महोत्सव के उद्घाटन एवं समापन समारोह आउटडोर स्टेडियम में प्रस्तावित हैं, जिनमें मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि होंगे।

      खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक श्रीमती आकांक्षा शिक्षा खलखो ने आज आयोजन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने मुख्य मंच, अतिथियों एवं कलाकारों के ग्रीन रूम सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सभी तैयारियां 30 नवंबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान संयुक्त संचालक श्री प्रभाकर पाण्डेय, उप संचालक श्री ए. एक्का एवं युवा कल्याण अधिकारी श्री जितेन्द्र नायक उपस्थित थे। महोत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, निबंध लेखन और पारंपरिक वेशभूषा सहित विभिन्न विधाओं में युवा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आउटडोर स्टेडियम के मुख्य मंच पर उद्घाटन एवं समापन समारोह के साथ सांस्कृतिक संध्या और लोकनृत्य का आयोजन होगा। इंडोर स्टेडियम में लोकगीत एवं चित्रकला, कबड्डी हॉल में नुक्कड़ नाटक तथा अतिरिक्त डोम में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग एवं पीपीटी प्रस्तुतियां होंगी। प्रशासनिक भवन में निबंध लेखन एवं पारंपरिक वेशभूषा तथा निर्माणाधीन तीरंदाजी मैदान में रॉक बैंड की प्रस्तुति होगी। प्रतिभागियों के भोजन की व्यवस्था भी तीरंदाजी मैदान में की जाएगी।

       संचालक श्रीमती खलखो ने प्रतिभागियों के ठहरने के लिए शहर के विभिन्न हॉस्टलों को आरक्षित कर सूची तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में पर्याप्त रोशनी, महिला प्रतिभागियों की सुरक्षा के लिए पुलिस बल, चिकित्सा सुविधा एवं फायर ब्रिगेड की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। स्थानीय आवागमन के लिए परिवहन विभाग के माध्यम से छह बसें उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए। प्रतिभागियों एवं दर्शकों के लिए चौपाटी और झूलों की व्यवस्था भी की जा रही है। इसके लिए नगर निगम के अधिकारियों से समन्वय कर आवश्यक सहयोग लेने को कहा गया। संचालक ने एक दिसंबर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों को प्रतिभागियों के आवास, भोजन एवं आयोजन स्थलों की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

निर्मल माणिक/ प्रधान संपादक मोबाइल:- / अशरफी लाल सोनी 9827167176

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

बाल विवाह की रोकथाम के लिए जिले में सघन जागरूकता अभियान विशेष ग्रामसभा आयोजित होंगे

Fri Nov 27 , 2026
*विशेष ग्रामसभा में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने लिया बाल विवाह रोकने का सामूहिक संकल्प* बिलासपुर, 27 नवंबर 2026/ बाल विवाह की रोकथाम के लिए बिलासपुर जिले में सघन जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा यूनिसेफ-एग्रिकॉन के संयुक्त नेतृत्व में चलाए गए अभियान के तहत […]

You May Like

Breaking News