
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर में 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर भारतीय संविधान की प्रस्तावना (उद्देशिका) का सामूहिक वाचन कार्यक्रम आयोजित किया गया। सिम्स के अधिष्ठाता डॉ रमणेश मूर्ति एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ लखन सिंह सिम्स नोडल अधिकारी डॉ भूपेंद्र कश्यप की उपस्थिति में चिकित्सकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया तथा संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों और सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने के संकल्प को दोहराया गया। साथ ही सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा एवं अवसर की समता सुनिश्चित करने के संवैधानिक उद्देश्यों को याद किया गया। उपस्थित लोगों ने व्यक्ति की गरिमा तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए संविधान के आदर्शों का पालन करने का संकल्प लिया।
उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत, अधिनियमित और आत्मार्पित किया था। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में प्रतिवर्ष संविधान दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर सिम्स में भी संविधान के महत्व और नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में डॉ. मधुमिता मूर्ति, डॉ. अर्चना सिंह, डॉ. अमित ठाकुर, डॉ. समीर पैकरा , डॉ. सी.के. ध्रुव, डॉ. शिक्षा जांगड़े, डॉ. रेखा बारापात्रे सहित नर्सिंग अधीक्षक स्वाति कुमार, सरिता बहादुर, उज्ज्वला दास, नमिता वाणी, पिंकी दास, राजकुमारी चौहान, पुष्पलता शर्मा, इंजी. उत्कर्ष शर्मा, गरिमा पांडे, संकर्सन गुप्ता पवन देव साहू, दिनेश निर्मलकर, धीरज ठाकुर, दरस दास मानिकपुरी, उपेंद्र वर्मा, कृपाल देवांगन, आशुतोष शुक्ला एवं कमलेश दीवान सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


