
* 20 दिसंबर को बिलासपुर में होगा सामाजिक समरसता पथ संचलन
बेलतरा। वन्दे मातरम् मित्र मंडल की बिलासपुर जिले की दसवीं शाखा का शुभारंभ बेलतरा के ग्राम पंचायत भवन में शंखनाद और हनुमान चालीसा पाठ के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मंच पर मंडल के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र जैन, बेलतरा सरपंच सुरेश कुमार कश्यप, तीरथ राम यादव, रामरतन कौशिक, सेवानिवृत्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रमोद हरित, श्रीमती पुष्पलता एवं श्रीमती भगवती धीवर उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र जैन ने संगठन की स्थापना, उद्देश्य तथा विगत पाँच वर्षों की कार्ययोजना पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने कहा कि दलित, शोषित, वंचित और उपेक्षित वर्ग को समाज की मुख्यधारा से जोड़े बिना तथा उनके स्वास्थ्य व शिक्षा जैसी बुनियादी आवश्यकताओं की पूर्ति के बिना समग्र सामाजिक एकता संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि केवल आलोचना करने के बजाय समाज के सक्षम वर्ग को स्वयं आगे आकर दायित्व निभाना होगा, क्योंकि यह कार्य केवल शासन-प्रशासन के भरोसे पूरा नहीं हो सकता। जातीय भेदभाव समाप्त कर सामाजिक समरसता स्थापित करने के उद्देश्य से मंडल पिछले पाँच वर्षों से सक्रिय है।
इस अवसर पर बताया गया कि सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए आगामी 20 दिसंबर को बिलासपुर में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी विशाल पथ संचलन निकाला जाएगा। इसमें सभी वर्गों के नागरिकों की भागीदारी रहेगी तथा शहर के विभिन्न समाज प्रमुखों का सम्मान किया जाएगा।
सभा को मनहरण लाल वर्मा, पूर्णिमा पिल्ले, प्रमोद हरित, रामनिहोर राजपूत और रामरतन कौशिक ने भी संबोधित किया। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र जैन ने सर्वसम्मति से कृष्ण कुमार जायसवाल को संयोजक एवं सोनू रजक को सह-संयोजक नियुक्त करने की घोषणा की।
नवनियुक्त संयोजक कृष्ण कुमार जायसवाल ने जानकारी दी कि बेलतरा शाखा की बैठक प्रत्येक माह के दूसरे एवं चौथे शनिवार को दोपहर 2:59 बजे आयोजित की जाएगी। साथ ही, 20 दिसंबर के पथ संचलन में बेलतरा से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में रामाधार श्रीवास, तोषण कश्यप, सत्येंद्र जायसवाल, विनय नामदेव, रामरतन कौशिक, ध्रुव सोनी, रमेश मरावी, उमलेश जायसवाल, अरुण जायसवाल, देवी दास सूर्यवंशी,श्रीमती पुष्पलता, श्रीमती भगवती धीवर सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, गणमान्य नागरिक और मातृशक्ति उपस्थित थे। आयोजन व्यवस्था में विकास जायसवाल व अरुण जायसवाल का विशेष सहयोग रहा। शपथ विधि मनहरण लाल वर्मा ने कराई, राष्ट्रगीत पूर्णिमा पिल्ले ने प्रस्तुत किया, संचालन पुष्कर जायसवाल ने किया तथा आभार प्रदर्शन जमुना प्रसाद कश्यप ने किया।


