

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस में संगठनात्मक नियुक्तियों के पश्चात बिलासपुर जिला महिला कांग्रेस की नवनियुक्त शहर अध्यक्ष श्रीमती प्रीति पटनवार एवं ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्रीमती सीमा पांडे ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस महासचिव श्री भूपेश बघेल जी से सौजन्य मुलाकात कर उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया।
इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष श्री प्रमोद नायक भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मुलाकात के दौरान श्री भूपेश बघेल जी ने दोनों नवनियुक्त महिला अध्यक्षों को नई जिम्मेदारी मिलने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस संगठन की मजबूती में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी को मिलकर संगठन का विस्तार करना चाहिए तथा अधिक से अधिक महिलाओं को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़कर पार्टी की नीतियों, सिद्धांतों एवं जनहितकारी विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रियता से कार्य करना चाहिए।
उन्होंने दोनों अध्यक्षों से अपेक्षा व्यक्त की कि वे पूरी निष्ठा, समर्पण एवं सक्रियता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए बिलासपुर शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र में महिला कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत बनाएंगी।
इस अवसर पर दोनों नवनियुक्त अध्यक्षों ने श्री भूपेश बघेल जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगठन की मजबूती एवं कांग्रेस पार्टी के विचारों को आगे बढ़ाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का विश्वास दिलाया।


