‘PRARAMBH 2026’ में भावी फिजियोथेरेपिस्टों को स्वास्थ्य सेवाओं, संक्रमण नियंत्रण एवं व्यावसायिक कौशल का दिया जा रहा प्रशिक्षण

बिलासपुर। सिम्स चिकित्सा महाविद्यालय में आयोजित शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय, बिलासपुर के छह दिवसीय इंडक्शन एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम ‘PRARAMBH 2026’ के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान एवं प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में सिम्स चिकित्सा महाविद्यालय के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के डॉ. दुर्गा दास ने भारत की स्वास्थ्य सेवा वितरण प्रणाली, माइक्रोबायोलॉजी विभाग की डॉ. अत्रेयी रे चौधरी ने बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट एवं संक्रमण नियंत्रण, फिजियोथेरेपी महाविद्यालय की डॉ. यामिनी ने तनाव प्रबंधन तथा डॉ. विजया ने कम्युनिकेशन स्किल्स, सहानुभूति एवं मरीजों के साथ उचित व्यवहार विषय पर व्याख्यान दिया। स्टाफ नर्स सुश्री अंजना पन्ना द्वारा हैंड हाइजीन का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

इसके अतिरिक्त डॉ. हर नारायण ने एंटी-रैगिंग जागरूकता, डॉ. नोकेशमणि ने NCAHP अधिनियम एवं फिजियोथेरेपी शिक्षा से संबंधित नियामक प्रावधानों तथा डॉ. यशवंत ने फिजियोथेरेपी प्रोफेशन के महत्व, संभावनाओं एवं भविष्य के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी।

इन सत्रों का उद्देश्य विद्यार्थियों में व्यावसायिक ज्ञान, नैतिक मूल्यों, संक्रमण नियंत्रण, प्रभावी संवाद एवं मरीज-केंद्रित दृष्टिकोण विकसित करना रहा।

सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में फिजियोथेरेपिस्ट की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है। मरीजों को बेहतर उपचार एवं पुनर्वास सेवाएं उपलब्ध कराने में फिजियोथेरेपिस्ट का योगदान अत्यंत आवश्यक है। एक अच्छे फिजियोथेरेपिस्ट के लिए केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि मरीजों के प्रति संवेदनशीलता, सहानुभूति, अनुशासन, नैतिकता और व्यावहारिक दक्षता भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के इंडक्शन एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम विद्यार्थियों को चिकित्सा क्षेत्र की जिम्मेदारियों से परिचित कराने के साथ उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे अपने अध्ययनकाल में ज्ञान और कौशल के साथ मानवीय मूल्यों को भी आत्मसात करें, ताकि वे समाज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दे सकें।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. वंदना पटेल ने सभी विशेषज्ञों एवं प्रशिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षणिक सत्र विद्यार्थियों को एक कुशल, जिम्मेदार एवं संवेदनशील फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

निर्मल माणिक/ प्रधान संपादक मोबाइल:- / अशरफी लाल सोनी 9827167176

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Like

Breaking News