केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर एवं केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने पी एम स्वनिधि में उत्कृष्ट योगदान के लिए किया सम्मानित

*छत्तीसगढ़ को मिले पांच पुरस्कार; दंतेवाड़ा और बड़े बचेली को जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए मिला सम्मान*

*केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने बस्तर के विकास में ‘सुरक्षा, विकास और विश्वास’ की नीति के प्रभाव को रेखांकित किया*

नई दिल्ली, 20 नवंबर 2026

आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा नई दिल्ली स्थित डॉ. आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में ‘स्वनिधि सम्मान पुरस्कार 2026’ समारोह का आयोजन किया गया। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल ने विभिन्न राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों, शहरी स्थानीय निकायों, ऋणदाता संस्थानों और सहयोगी संगठनों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया। समारोह में आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

समारोह में कुल 52 पुरस्कार और पांच विशेष सम्मान प्रदान किए गए। ये पुरस्कार पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों की आजीविका को सुदृढ़ करने, वित्तीय समावेशन, डिजिटल लेन-देन और सामाजिक सुरक्षा को बढ़ावा देने में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किए गए।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि गरीबों के जीवन में आए बदलाव को किसी एक योजना के बजाय सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी पहलों के सामूहिक प्रभाव के रूप में देखना चाहिए। विश्व बैंक की अक्टूबर 2026 की रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत में लगभग 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं, जो समावेशी विकास के लिए किए जा रहे निरंतर और समन्वित प्रयासों का परिणाम है।

श्री साहू ने कहा कि रेहड़ी-पटरी व्यवसायी देश के शहरों और कस्बों की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। वे सुबह से देर रात तक परिश्रम कर न केवल अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं, बल्कि लाखों शहरी नागरिकों की दैनिक आवश्यकताओं को भी पूरा करते हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में पीएम स्वनिधि योजना ने इन छोटे उद्यमियों को औपचारिक ऋण और वित्तीय सेवाओं से जोड़कर साहूकारों पर उनकी निर्भरता कम की है तथा आर्थिक अवसरों के नए द्वार खोले हैं।

योजना की व्यापक पहुंच पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना देश के 35 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों, 4,900 से अधिक शहरी स्थानीय निकायों, 100 से अधिक बैंकों और एक लाख से अधिक बैंक शाखाओं के माध्यम से संचालित की जा रही है। योजना के लगभग 70 प्रतिशत लाभार्थी वंचित एवं हाशिए पर रहने वाले समुदायों से हैं, जबकि महिला लाभार्थियों की हिस्सेदारी लगभग 46 प्रतिशत है।

*छत्तीसगढ़ को चार पुरस्कार, बस्तर के दंतेवाड़ा और बड़े बचेली को विशेष पहचान*

श्री तोखन साहू ने छत्तीसगढ़ को चार पुरस्कार मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बस्तर क्षेत्र के दंतेवाड़ा और बड़े बचेली जैसे स्थानों को उत्कृष्ट कार्यों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि कभी नक्सलवाद की चुनौतियों से प्रभावित रहे इन क्षेत्रों में आज विकास और सुशासन की पहचान स्थापित हो रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की ‘सुरक्षा, विकास और विश्वास’ की नीति से बस्तर में शांति, रोजगार और विकास के नए रास्ते खुल रहे हैं। यह बदलाव सरकार के निरंतर प्रयासों और स्थानीय स्तर पर किए जा रहे कार्यों का परिणाम है।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल गरीबी कम करना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को सम्मान, सुरक्षा, अवसर और आत्मनिर्भरता प्रदान करना है। पीएम स्वनिधि योजना सहायता से सशक्तीकरण और सशक्तीकरण से आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का प्रभावी माध्यम बनी है।

उन्होंने पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी राज्यों, शहरी स्थानीय निकायों, बैंकों और सहयोगी संस्थाओं को बधाई देते हुए आग्रह किया कि वे अपने सफल अनुभवों और श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को साझा करें, ताकि प्रत्येक पात्र रेहड़ी-पटरी व्यवसायी तक योजना का लाभ पहुंच सके।

श्री साहू ने प्रधानमंत्री के उस संकल्प को दोहराया, जिसमें देश के प्रत्येक छोटे उद्यमी को औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने, सम्मानपूर्वक व्यवसाय करने और राष्ट्र की आर्थिक प्रगति में योगदान देने का अवसर सुनिश्चित करना शामिल है। उन्होंने कहा कि जब देश का सबसे छोटा उद्यमी आर्थिक रूप से सशक्त होगा, तभी विकास वास्तव में समावेशी बनेगा।

अपने संबोधन के समापन में श्री साहू ने कहा कि रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों का सशक्तीकरण आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी हितधारकों के सामूहिक प्रयासों से पीएम स्वनिधि योजना आने वाले समय में नई ऊंचाइयां प्राप्त करेगी।

निर्मल माणिक/ प्रधान संपादक मोबाइल:- / अशरफी लाल सोनी 9827167176

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

शीलू साहू अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनीं, समाज में हर्ष

Fri Nov 20 , 2026
रायपुर। अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा में श्रीमती शीलू साहू को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। समाज के संगठनात्मक विस्तार, सक्रिय नेतृत्व और व्यापक अनुभव को देखते हुए उनकी इस नियुक्ति को एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। श्रीमती शीलू साहू इससे पूर्व छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू […]

You May Like

Breaking News