कौन बनेगा फुटबॉल सम्राट’ प्रतियोगिता के विजेताओं का अमर अग्रवाल ने किया सम्मान

खेल संस्कृति, सकारात्मक सोशल मीडिया और जनसहभागिता की पहल को मिली सराहना

बिलासपुर के लोकप्रिय सोशल मीडिया मंच ‘हमर बिलासपुर’ द्वारा आयोजित ‘कौन बनेगा फुटबॉल सम्राट’ फाइनल प्रेडिक्शन कॉन्टेस्ट के विजेताओं का शुक्रवार को आयोजित भव्य सम्मान समारोह में पूर्व मंत्री एवं बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने सम्मान किया। समारोह में शहर के गणमान्य नागरिक, खेल प्रेमी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में सोशल मीडिया ग्रुप के सदस्य उपस्थित रहे।

विश्व कप फुटबॉल फाइनल में स्पेन और अर्जेंटीना के बीच खेले गए रोमांचक मुकाबले में स्पेन ने 90 मिनट के खेल में 1–0 से जीत दर्ज कर विश्व विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। इसी अवसर पर आयोजित ‘कौन बनेगा फुटबॉल सम्राट’ प्रतियोगिता में प्रतिभागियों से विजेता टीम और मैच के परिणाम का पूर्वानुमान आमंत्रित किया गया था।

प्रतियोगिता में कुल 432 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें से 208 प्रतिभागियों ने स्पेन की जीत का अनुमान लगाया। वहीं, स्पेन की 90 मिनट में 1–0 की जीत का सटीक पूर्वानुमान लगाने वाले श्री मनीष आकाशी, श्री विकास चौबे, श्री सुमित पाल सलूजा, श्री एस.एस. ठाकुर, श्री लवलीन सलूजा, श्री अतुल पटेल, श्री सुरेश कुमार एवं श्री उत्तम तिवारी विजेता बने। अमर अग्रवाल ने सभी विजेताओं को सम्मानित कर स्मृति-चिन्ह एवं शुभकामनाएं प्रदान कीं।

इस अवसर पर अमर अग्रवाल ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सामाजिक समरसता का सशक्त प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ समाज में सकारात्मक सोच, संवाद और सहभागिता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि ‘हमर बिलासपुर’ द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से नागरिकों को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास सराहनीय है और यह समाज को सकारात्मक दिशा देने का प्रभावी माध्यम बन सकता है।

कार्यक्रम में ग्रुप एडमिन एवं वरिष्ठ पत्रकार श्री रूद्र अवस्थी, पूर्व महापौर श्री किशोर राय, अपोलो हॉस्पिटल ग्रुप के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. देवेंद्र सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री दीपक, भाजपा पदाधिकारी श्री अनिल दुआ सहित अनेक गणमान्य नागरिक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

विशिष्ट अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि बिलासपुर में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सोशल मीडिया मंचों पर सकारात्मक विषयों के माध्यम से नागरिकों को जोड़ने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में स्वस्थ संवाद, आपसी सहयोग, खेल भावना और सामुदायिक सहभागिता को नई दिशा प्रदान करते हैं।

डॉ. देवेंद्र सिंह ने कहा कि वे वर्ष 1982 से फुटबॉल का अनुसरण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश में फुटबॉल सहित विभिन्न खेलों के प्रति लोगों का बढ़ता उत्साह अत्यंत सराहनीय है। परिचर्चा को वरिष्ठ पत्रकार श्री रूद्र अवस्थी ने भी संबोधित किया।

खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, स्वास्थ्य और सकारात्मक सोच का विकास होता है तथा ऐसे आयोजन खेल संस्कृति को और अधिक मजबूत बनाते हैं।

सम्मान समारोह के उपरांत अमर अग्रवाल ने विजेता प्रतिभागियों, सोशल मीडिया ग्रुप के सदस्यों एवं शहरवासियों से संवाद भी किया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों के विभिन्न प्रश्नों के उत्तर देते हुए कहा कि वे राज्य सरकार में अपने वरिष्ठ साथियों के साथ नीति निर्माण एवं विधायी प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिलासपुर निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है तथा राज्य सरकार द्वारा शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए लगभग दो से ढाई हजार करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ‘हमर बिलासपुर’ जैसी पहल नागरिकों को आपसी संवाद, जागरूकता और सहभागिता का प्रभावी मंच प्रदान करती है। लोकतंत्र में जनता का जनादेश सर्वोपरि होता है। जिन्हें जनता ने नकार दिया है, उन्हें आत्ममंथन कर जनविश्वास अर्जित करने का प्रयास करना चाहिए।कार्यक्रम के अंत में अमर अग्रवाल ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीत और हार खेल का स्वाभाविक हिस्सा हैं, लेकिन खेल भावना, सहभागिता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा ही किसी भी आयोजन की वास्तविक सफलता होती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन बिलासपुर में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा प्रदान करेंगे तथा युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का कार्य करेंगे।कार्यक्रम में भा ज यू मो नेता रोशन सिंह, महर्षि बाजपेई, दुर्गेश पांडे एवं जिला भाजपा प्रवीण दुबे रोटरी क्लब के अध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल, चरणजीत गंभीर, प्रकाश माहेश्वरी, अशोक बजाज, विभिन्न खेल एवं शैक्षणिक संगठनों के प्रतिनिधि, ‘हमर बिलासपुर’ सोशल मीडिया ग्रुप के सदस्य तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं शहरवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का आकर्षक संचालन इवेंट एंकर संजय दुआ एवं रौनक साव ने किया। अंत में सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी खेल, सामाजिक जागरूकता और जनसहभागिता को बढ़ावा देने वाले ऐसे रचनात्मक आयोजनों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया गया।

निर्मल माणिक/ प्रधान संपादक मोबाइल:- / अशरफी लाल सोनी 9827167176

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में केंद्रीय राज्य मंत्री  तोखन साहू की पहल, मुंगेली एवं लोरमी में NFL आउटलेट स्थापित करने की माँग की*

Fri Jul 24 , 2026
नई दिल्ली, 24 जुलाई। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर लोकसभा सांसद श्री तोखन साहू ने केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल को पत्र लिखकर मुंगेली एवं लोरमी में नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (NFL) के रिटेल आउटलेट एवं अधिकृत डीलर […]

You May Like

Breaking News