
*रंगोली, चित्रकला और रैली से विद्यार्थियों ने दिया संदेश, विशेष प्रार्थना सभा में ली शपथ*
🌹बिलासपुर, 27 नवंबर 2026/ बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर जिले के शासकीय और निजी विद्यालयों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। जिला प्रशासन की पहल पर महिला एवं बाल विकास विभाग तथा यूनिसेफ-एग्रिकॉन के संयुक्त प्रयास से यह अभियान चलाया गया।
विद्यार्थियों ने रंगोली, चित्रकला, दीवार लेखन, निबंध और स्लोगन प्रतियोगिताओं के साथ जागरूकता रैलियों में भाग लिया। विशेष प्रार्थना सभाओं में उन्हें बाल विवाह के दुष्परिणाम, इससे जुड़े कानूनी प्रावधान, बाल अधिकार और शिक्षा के महत्व की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने बाल विवाह रोकने में सहयोग की शपथ भी ली।
अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों और समुदाय की भागीदारी से बाल विवाह की रोकथाम के प्रयासों को मजबूत करना है। जिला स्तर पर अभियान का नेतृत्व यूनिसेफ-एग्रिकॉन के जिला समन्वयक श्री चेतन यादव ने किया।

