
बिलासपुर। शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय, बिलासपुर में नवप्रवेशित बीपीटी विद्यार्थियों के लिए आयोजित छह दिवसीय इंडक्शन एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम ‘प्रारंभ–2026’ का समापन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में हुआ। छह दिनों तक चले इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को फिजियोथेरेपी के क्षेत्र की शैक्षणिक जानकारी, व्यावहारिक कौशल, मरीजों के प्रति संवेदनशीलता और चिकित्सा सेवाओं में व्यावसायिक जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि सिम्स के संयुक्त संचालक एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह थे। इस अवसर पर सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति, डॉ. रेखा बारापात्रे, विभागाध्यक्ष माइक्रोबायोलॉजी, डॉ. श्रेया टोड़ी, विभागाध्यक्ष फार्माकोलॉजी, डॉ. एंटनी राका बेन, विभागाध्यक्ष अस्थि रोग विभाग तथा डॉ. संजय कुमार घिल्ली एवं डॉ. सोमेश शुक्ला, सहायक प्राध्यापक, अस्थि रोग विभाग विशेष रूप से उपस्थित रहे।
सिम्स अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने अपने संबोधन में कहा कि चिकित्सा शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान और परीक्षा उत्तीर्ण करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका वास्तविक उद्देश्य ऐसे कुशल एवं संवेदनशील स्वास्थ्य पेशेवर तैयार करना है, जो मरीजों की जरूरतों को समझते हुए उन्हें बेहतर उपचार एवं पुनर्वास सेवाएं प्रदान कर सकें। फिजियोथेरेपी आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण अंग है। दुर्घटना, चोट, शल्य चिकित्सा अथवा विभिन्न शारीरिक समस्याओं के बाद मरीज को दोबारा सामान्य जीवन की ओर लौटाने में फिजियोथेरेपिस्ट की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने अध्ययन के शुरुआती दौर से ही अनुशासन, मेहनत, नियमित अभ्यास और सीखने की जिज्ञासा बनाए रखें। मरीजों के साथ संवाद, उनके प्रति सम्मान, धैर्य और मानवीय संवेदनशीलता को अपने व्यावसायिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं। चिकित्सा क्षेत्र में निरंतर नई तकनीकों और उपचार पद्धतियों का विकास हो रहा है, ऐसे में विद्यार्थियों को जीवनभर सीखने की प्रवृत्ति अपनानी चाहिए। ‘प्रारंभ–2026’ जैसे आयोजन विद्यार्थियों को महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, चिकित्सा सेवाओं और अपनी भावी जिम्मेदारियों को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।
मुख्य अतिथि डॉ. लखन सिंह ने कहा कि फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में सफल होने के लिए अकादमिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक दक्षता, अनुशासन और मरीजों के प्रति सेवाभाव जरूरी है। एक अच्छे फिजियोथेरेपिस्ट को मरीज की शारीरिक परेशानी के साथ उसकी मानसिक स्थिति को भी समझना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अध्ययन करने तथा अपने ज्ञान एवं कौशल से समाज और स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
समापन अवसर पर विद्यार्थियों ने छह दिवसीय कार्यक्रम के दौरान प्राप्त अनुभवों एवं सीख को साझा किया। इसके पश्चात अतिथियों द्वारा कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। प्रमाण-पत्र प्राप्त कर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह एवं प्रसन्नता देखने को मिली।
शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. वंदना पटेल ने सभी अतिथियों, विषय विशेषज्ञों एवं कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले संकाय सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ‘प्रारंभ–2026’ विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यावसायिक जीवन की महत्वपूर्ण शुरुआत है। इसका उद्देश्य उन्हें एक संवेदनशील, कुशल एवं जिम्मेदार फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में तैयार करना है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण डॉ. विजया बरवा, डॉ. यामिनी, डॉ. प्रगति दुआ, डॉ. नोकेशमणि भक्त, डॉ. हरनारायण एवं श्री प्रांतिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन नई ऊर्जा, उत्साह एवं फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के संकल्प के साथ हुआ।


