अयोध्या श्रीराम मंदिर में हुई चोरी से आहत श्रद्धालुओं की भावनाओं के सम्मान में निकली “श्रीराम श्रद्धा आस्था यात्रा

भांचा श्रीराम के सम्मान में बिलासपुर की सड़कों पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब

 

बिलासपुर । अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में हुई चोरी की घटना से करोड़ों रामभक्तों की आस्था एवं भावनाओं को पहुँची गहरी ठेस के विरोध तथा अपने भांचा श्रीराम के प्रति श्रद्धा, सम्मान और समर्पण व्यक्त करने के उद्देश्य से बेलतरा विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी विजय केशरवानी द्वारा संकल्पित “श्रीराम श्रद्धा आस्था यात्रा” का प्रथम दिवस शनिवार को अभूतपूर्व जनसमर्थन और भक्तिभाव के साथ सम्पन्न हुआ। हजारों की संख्या में माताओं, बहनों, युवाओं, बुज़ुर्गों एवं बच्चों ने हाथों में श्रद्धा के नारियल लेकर यात्रा में सहभागिता की। पूरे यात्रा मार्ग में “जय श्रीराम”, “जय सियाराम” और “जय बजरंगबली” के जयघोष निरंतर गूंजते रहे तथा ऐसा प्रतीत हुआ मानो पूरा बिलासपुर श्रीराममय हो गया हो।

यह यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि करोड़ों रामभक्तों की आस्था और भावनाओं की अभिव्यक्ति थी। अयोध्या श्रीराम मंदिर में हुई चोरी की घटना से आहत श्रद्धालुओं ने इस यात्रा के माध्यम से यह संदेश दिया कि भगवान श्रीराम के प्रति उनकी श्रद्धा अटूट है और छत्तीसगढ़ का ननिहाल अपने भांचा श्रीराम के सम्मान के लिए सदैव खड़ा रहेगा। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा समर्पित प्रत्येक श्रद्धा का नारियल अयोध्या धाम ले जाकर भगवान श्रीरामलला के श्रीचरणों में अर्पित किया जाएगा।

 

यात्रा का शुभारंभ दोपहर 1 बजे तिलक नगर स्थित दक्षिणमुखी श्रीहनुमान मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चारण एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस अवसर पर विजय केशरवानी, जिला अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा, पूर्व विधायक शैलेष पांडेय, पूर्व संसदीय सचिव रश्मि सिंह, विजय पांडेय महेश दुबे , विनोद शाहू , शिवा मिश्रा सहित हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान जी का पूजन कर यात्रा का शुभारंभ किया।

यात्रा में आकर्षक रथ पर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम, माता जानकी एवं पवनपुत्र हनुमान की दिव्य झांकी विराजमान थी। अनेक वाहनों पर श्रीराम मंदिर के चित्र एवं भगवा ध्वज लगे हुए थे। भजन मंडलियों द्वारा श्रीराम के भजन गाए जा रहे थे तथा बैंड-बाजों की मधुर धुनों से सम्पूर्ण वातावरण भक्तिरस में सराबोर था। यात्रा आगे बढ़ती गई और श्रद्धालुओं का कारवां लगातार बढ़ता गया।

 

यात्रा तिलक नगर से प्रारंभ होकर मुक्तिधाम चौक सरकण्डा, मार्क हॉस्पिटल, गायत्री मंदिर चांटीडीह, संतोषी मंदिर, रामायण चौक, रपटा चौक, चांटीडीह सब्जी मंडी, अशोक विहार (डबरीपारा), शिव मंदिर चिंगराजपारा, स्कूल चौक, अमरैय्या चौक, प्रभात चौक, अपोलो चौक लिंगियाडीह, बजरंग मंदिर राजकिशोर नगर, मोपका चौक होते हुए मोपका बस्ती पहुँची, जहाँ प्रथम दिवस का समापन हुआ।

 

पूरे यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। अनेक स्थानों पर भगवान श्रीराम की आरती उतारी गई, रामचरितमानस का सस्वर पाठ हुआ, भजन-कीर्तन किए गए तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद एवं शीतल पेय वितरित किए गए। कई स्थानों पर स्वागत के लिए विशेष टेंट लगाए गए थे। रामायण चौक में विजय केशरवानी ने वर्षों से रामायण परंपरा का निर्वहन कर रही रामायण समितियों के वरिष्ठ सदस्यों का श्रीफल एवं नारियल भेंट कर सम्मान किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। यात्रा के दौरान गौमाता को भी प्रसाद एवं चारा अर्पित किया गया।

 

यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के चेहरों पर जहाँ प्रभु श्रीराम के प्रति अटूट श्रद्धा और समर्पण दिखाई दे रहा था, वहीं अयोध्या श्रीराम मंदिर में हुई चोरी की घटना को लेकर गहरा दुःख और आक्रोश भी स्पष्ट दिखाई दे रहा था। श्रद्धालुओं का कहना था कि यह केवल चोरी की घटना नहीं, बल्कि करोड़ों रामभक्तों की आस्था को गहरी ठेस पहुँचाने वाली घटना है। इसी वेदना को संकल्प में बदलते हुए हजारों श्रद्धालुओं ने श्रद्धा के नारियल समर्पित किए।

 

इस अवसर पर विजय केशरवानी ने कहा कि भगवान श्रीराम हमारी संस्कृति, सभ्यता, मर्यादा और राष्ट्रीय चेतना के आधार हैं। माता कौशल्या की जन्मभूमि छत्तीसगढ़ होने के कारण सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ प्रभु श्रीराम को अपना भांचा मानता है। इसलिए जब अयोध्या श्रीराम मंदिर में चोरी जैसी घटना होती है, तो उसका दर्द छत्तीसगढ़ के प्रत्येक श्रद्धालु के हृदय तक पहुँचता है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा किसी के विरुद्ध नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के प्रति श्रद्धा, सम्मान और आस्था को व्यक्त करने का संकल्प है। छत्तीसगढ़ के ननिहाल की ओर से समर्पित प्रत्येक श्रद्धा का नारियल अयोध्या धाम पहुँचकर भगवान श्रीरामलला के श्रीचरणों में अर्पित किया जाएगा।

 

कार्यक्रम में विजय केशरवानी, सुधांशु मिश्रा, विजय पांडेय, रश्मि सिंह, शैलेष पांडेय, महेश दुबे विनोद शाहू भरत कश्यप, राकेस शर्मा स्वप्निल शुक्ला, ऋषि पांडेय, शिल्पी तिवारी सीमा घृटेश, संध्या तिवारी अनुपा मिश्रा पिंकी बत्रा, स्वर्णा शुक्ला प्रियंका यादव संतोष गर्ग, हितेश देवांगन, सकेश मिश्रा, लक्ष्मीनाथ साहू, पार्षद गण मोहन श्रीवास, सुनील सोनकर, द्वारासीमा शुक्ला, ओम कश्यप, शंकर कश्यप, अमित भारते, संतोष साहू रामप्रकास शाहू , बजरंग बंजारे रणजीत सिंह अजय यादव , लक्की मिश्रा, विकास सिंह सुजीत मिश्रा, देवेंद्र मिमिश्रा पिंकु पांडे महेतराम सिंगरौल, सावित्री सोनी, नवल सोनी, रअमित दुबे, तरुण यादव, विक्की यादव, अजय काले, कमलेश लवहतरे, हैरी डेनियल सहित बड़ी संख्या में सामाजिक, धार्मिक एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी तथा हजारों रामभक्त श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया।

 

द्वितीय दिवस – 26 जुलाई (रविवार)

 

श्रीराम श्रद्धा आस्था यात्रा का द्वितीय दिवस रविवार, 26 जुलाई को प्रातः 11:00 बजे महामाया मंदिर, बिजौर से पूजा-अर्चना के पश्चात प्रारंभ होगा।

 

यात्रा मार्ग:

महामाया मंदिर, बिजौर → बहतराई स्टेडियम → बहतराई बस्ती → नवधा रामायण चौक → अटल चौक → भक्त माता कर्मा चौक (बहतराई चौक) → सरकण्डा थाना → साइंस कॉलेज → बैमा-नगोई रोड → देवनंदन नगर → रामा ग्रीन सिटी → ड्रीम सिटी → अटल चौक → खमतराई बस्ती → मुरूम खदान → बगदाई मंदिर (समापन)।

 

आयोजकों ने सभी रामभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपने भांचा श्रीराम के श्रीचरणों में श्रद्धा का नारियल समर्पित करने तथा यात्रा को सफल बनाने की अपील की है।

निर्मल माणिक/ प्रधान संपादक मोबाइल:- / अशरफी लाल सोनी 9827167176

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

कान्यकुब्ज समाज के नए भवन का भूमिपूजन, विधायक निधि से होगा निर्माण – अमर अग्रवाल

Sun Jul 26 , 2026
बिलासपुर। विधायक अमर अग्रवाल नवयुवक कान्यकुब्ज विकास समिति, बिलासपुर द्वारा आयोजित भूमिपूजन समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने समाज के वरिष्ठजनों, पदाधिकारियों एवं उपस्थित नागरिकों को शुभकामनाएँ देते हुए निर्माण कार्य के लिए अपनी मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं। खरपगंज में स्वर्गीय श्रीमती विमला देवी शुक्ला जी द्वारा समाजहित में […]

You May Like

Breaking News