
बिलासपुर । केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री एवं बिलासपुर सांसद श्री तोखन साहू ने इंफाल स्थित राज्य सचिवालय में भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में सहभागिता की।
बैठक के दौरान उन्होंने केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी), हुडको एवं एनबीसीसी द्वारा क्रियान्वित परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
श्री साहू ने योजनाओं की समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण पूर्णता सुनिश्चित करने पर बल देते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंत्रालय की योजनाओं का उद्देश्य शहरी अधोसंरचना को सुदृढ़ करना और नागरिकों को बेहतर आवास एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
इसके उपरांत केंद्रीय राज्य मंत्री श्री साहू ने इंफाल में स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत विकसित रिवर फ्रंट परियोजना का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इस परियोजना को शहरी सौंदर्यीकरण, पर्यावरण संरक्षण तथा नागरिकों के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थलों के निर्माण की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।
श्री साहू ने कहा कि स्मार्ट सिटी मिशन के तहत इस प्रकार की परियोजनाएं स्मार्ट, सतत और समावेशी शहरी विकास के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं तथा इससे नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आ रहा है ।



