श्रीराम कथा के पहले निकली भव्य और ऐतिहासिक कलश यात्रा, हजारों की संख्या में महिलाएं हुई शामिल

जय श्रीराम के नारों से गूंजा आकाश

 

बिलासपुर। लाल बहादुर शास्त्री स्कूल के मैदान में कल 12 जनवरी से श्रीराम कथा महोत्सव, जीवंत झांकियों के साथ लोककला का संगम दिखेगा । इस आयोजन के एक दिन पहले जगन्नाथ मंगलम से महिलाओं की भव्य कलश यात्रा निकाली गई। हजारों की संख्या में निकली कलश यात्रा का जगह जगह भव्य स्वागत किया गया । रास्ते भर जयश्रीराम के नारे लगते रहे। पूर्व मंत्री और बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल की अगुवाई में निकले कलश यात्रा में कई विधायक  ,भाजपा के पदाधिकारी ,महापौर और विभिन्न संगठन के लोग शामिल हुए।

प्रभु श्रीराम कथा महोत्सव से ठीक एक दिन पहले रविवार को पूरा शहर भक्ति, उत्साह और अनुशासन के रंग में रंग गया । कलश यात्रा के दौरान पूरा शहर भगवामय हो गया। भव्य कलश शोभायात्रा को लेकर एक दिन पहले शनिवार को महिलाओं ने एकजुट होकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया था ।आयोजन स्थल से लेकर यात्रा मार्ग तक भारी चहल-पहल रही। वहीं जनप्रतिनिधियों की अपील और ट्रैफिक पुलिस की सतर्कता ने आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने का जो संदेश दिया वह काफी हद तक सफल रहा । महिलाओं,युवतियों और बालिकाओं ने संगठित होकर कलश यात्रा निकाली।

पिछले कई वर्षों से आयोजित होने वाले न्यायधानी में श्रीराम कथा महोत्सव सामूहिक सहभागिता का प्रतीक बनता जा रहा है। कलश यात्रा से एक दिन पहले शनिवार को जगन्नाथ मंगलम सहित कई स्थानों पर महिलाओं ने पारंपरिक उल्लास के साथ तैयारियां कीं थी ताकि आयोजन में कोई कमी न रह जाए। महिलाओं की मेहनत आज कलश यात्रा के दौरान दिख गई। कलश सजाने, वस्त्र चयन और समूह समन्वय में गजब का सामंजस्य दिखा । शोभायात्रा को लेकर ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में दिखी।

कलश यात्रा का जिन मार्गों से होकर गुजरना था ,ट्रैफिक पुलिस ने उन मार्गों पर चाक चौबंद व्यवस्था कर रखी थी। पारपरिक वेशभूषा में महिलाओं के सिर पर कलश राम दरबार की जीवंत झाकी दिखी। कलश यात्रा में कर्मा नृत्य,धुमाल पार्टी रायपुर का प्रदर्शन जानदार रहा।

कलश यात्रा के कारण शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात को प्रतिबंध कर मार्गों को डायवर्ट कर दिया गया था। रामकथा के मुख्य आयोजक विधायक अमर अग्रवाल ने वीडियो संदेश जारी कर अधिक से अधिक ब्रद्धालुओं को कथा स्थल पहुंचने और रामकथा का रसपान करने का आमंत्रण दिया है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल कथा नहीं, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का पर्व है, जिसमें हर नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है।  कलश यात्रा शनिवार को सुबह 11 बजे शिव टाकीज चौक के समीप जगन्नाथ मंगलम से निकली जो पुराना बस स्टैंड चौक-अग्रसेन चौक- सत्यम चौक-मसानगंज मार्ग- मध्य नगरी चौक- मारवाड़ी लाइन- किशन चौक गोल बाजार-कोतवाली चौक होते हुए लाल बहादुर शास्त्री स्कूल प्रांगण में आयोजित प्रभु श्रीराम कथा स्थल तक पहुंची ।

लाल बहादुर शास्त्री शाला के मैदान में सोमवार से श्री राम कथा का आयोजन होने जा रहा है,संत श्री विजय कौशल जी महराज के श्रीमुख से बिलासपुर वासियों को कथा श्रवण का अवसर मिलेगा।

ऐतिहासिक रही कलश यात्रा

बिलासपुर नगर में अब तक आयोजित सभी धार्मिक आयोजनों में यह महाकलश यात्रा ऐतिहासिक रही। आयोजन समिति के अनुसार इस यात्रा में अनुमानित 15 हजार से अधिक महिलाओं ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ सहभागिता की।

यह कलश यात्रा बिलासपुर के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी और भव्य कलश यात्राओं में शामिल रही। संभवतः छत्तीसगढ़ अंचल की यह अब तक की सबसे वृहद कलश यात्रा रही, जिसमें एक ही रंग की साड़ियों में सजी महिलाओं ने माहौल को और भी भव्य एवं मनोहारी बना दिया। भगवान श्रीराम की इस कलश यात्रा के दौरान बीच-बीच में निकाली गई आकर्षक झांकियों ने भी अपनी छटा बिखेरी।

कथा स्थल तक पहुंचने के दौरान मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा स्टाल लगाकर कलश यात्रियों पर पुष्पवर्षा की गई तथा उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कथा स्थल पर कलश यात्रा के पहुंचने पर मुख्य संरक्षक अमर अग्रवाल ने कलश यात्रियों का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से श्रीराम कथा में नियमित रूप से शामिल होने का विनम्र आग्रह किया।

आज के इस कार्यक्रम में महेशचंद्र अग्रवाल , मोती सुल्तानिया , गुलशन ऋषि, गोपाल शर्मा , सुनील सोंथालिया , सुरेश चंद्र गोयल एवं राम कथा आयोजन समिति के समस्त सदस्य उपस्थित थे।

निर्मल माणिक/ प्रधान संपादक मोबाइल:- / अशरफी लाल सोनी 9827167176

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

भारत रत्न पूर्व प्रधान मंत्री  लालबहादुर शास्त्री  की 60 वीं पुण्यतिथि पर दी गई श्रद्धांजलि

Mon Jan 12 , 2026
बिलासपुर । कल 11 जनवरी 2026 को प्रातः 10:30 पर महान भारत रत्न,पूर्व प्रधानमंत्री,स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. लाल बहादुर शास्त्री  की समाधि स्थल विजय घाट पर जाकर “”जय जवान-जय किसान”” के उद्घोषक भारत के पूर्व प्रधानमंत्री ,भारत रत्न स्वर्गीय लालबहादुर शास्त्री  की 60 वीं पुण्यतिथि पर पुष्पांजलि अर्पित करने शास्त्री […]

You May Like

Breaking News