
मुंगेली से कवर्धा के बीच अलाइनमेंट में आंशिक परिवर्तन कर लोरमी, कुंडा, पंडरिया, पांडातराई, पोंडी और बोड़ला सभी के 15 किमी दूरी पर रेल लाइन लाई जाए
बिलासपुर 30 अक्टूबर छात्र युवा नागरिक रेलवे जोन संघर्ष समिति जिसके द्वारा बिलासपुर से तखतपुर मुंगेली पड़रिया कवर्धा होते हुए डोंगरगढ़ तक नई रेल लाइन के लिए साइकिल यात्रा समेत कई मुहिम चलाई गई थी ने हाल ही में छत्तीसगढ़ सरकार के द्वारा इस परियोजना को स्वीकृति देने का स्वागत किया है। हालांकि साथ ही में यह कहा है कि वर्तमान में जिस एलाइनमेंट को मंजूरी दी गई है वह मूलतः कोयला परिवहन के हिसाब से बनाया गया है। जबकि नागरिक सुविधा को देखते हुए इसमें आंशिक सुधार की आवश्यकताहै।
छात्र युवा और नागरिक रेलवे जोन संघर्ष समिति के ओर से सुदीप श्रीवास्तव ने समिति के सुझाव के बारे में विवरण देते हुए बताया कि नागरिक सुविधा के लिए बिलासपुर के उसलापुर से गनियारी तक इस रेल लाइन में लूप लाइन से कनेक्शन देना जरूरी है अन्यथा वर्तमान में यह लाइन क्लामिटर स्टेशन के पास बिलासपुर कटनी लाइन को फ्लाईओवर से क्रॉस कर जाएगी। इसी तरह राजनांदगांव के छोर पर खैरागढ़ से राजनांदगांव की लूप लाइन देना आवश्यक है। अन्यथा कवर्धा जिले के लोगों को राजनांदगांव दुर्ग भिलाई या रायपुर जाने के लिए डोंगरगढ़ तक जाकर फिर वापस आना पड़ेगा। इसी तरह एक अन्य सुझाव में यह कहा गया है कि तखतपुर से मुंगेली के आगे कवर्धा तक रेल लाइन के एलाइनमेंट को मुंगेली और लोरमी के बीच से पंडरिया और कुंडा के बीच से पांडा तराई, बोडला पोंडी आदि से 15 किलोमीटर की दूरी पर रखते हुए कवर्धा ले जाया जाना चाहिए। इससे इस क्षेत्र के सभी कस्बों को रेल लाइन का लाभ मिलेगा। वर्तमान में रेल लाइन लोरमी पंडरिया पांडा तराई पोड़ी आदि को काफी दूरी से छोड़0 कर जा रही है।
छात्र युवा नागरिक रेलवे जोन संघर्ष समिति ने कहा कि रेल लाइन एक बार ही बनेगी यह कोई सड़क नहीं है कि हर हर इलाके में अलग-अलग बना दी जाए इसलिए इसका रूट एलाइनमेंट ऐसा रखना चाहिए कि जिससे अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ हो सके।


