
*बिलासपुर में जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री, 120 करोड़ रुपए के 16 विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन*
*शिक्षा, खेल, कला एवं समाजसेवा के क्षेत्र की 28 प्रतिभाएं सम्मानित*
बिलासपुर, 16 नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज बिलासपुर के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल हुए। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के जनजातीय नायकों के संघर्ष और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास साहस, स्वाभिमान और अपनी संस्कृति की रक्षा का इतिहास है। इस गौरवशाली विरासत से प्रेरणा लेकर शिक्षा और विकास के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाना है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर रिमोट का बटन दबाकर लगभग 120 करोड़ रुपए के 16 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।
मुख्यमंत्री ने जनजातीय गौरव दिवस की बधाई देते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अल्पायु में ही अंग्रेजों के दमन के विरुद्ध संघर्ष किया और जनजातीय समाज में अपनी संस्कृति, परंपराओं तथा अधिकारों की रक्षा की चेतना जगाई। उन्होंने तीर-कमान से अंग्रेजी सत्ता को चुनौती दी। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने उनकी जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत कर जनजातीय समाज के योगदान को राष्ट्रीय सम्मान दिलाया है।

श्री साय ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए जनजातीय नायकों ने 1857 से पहले ही संघर्ष का बिगुल फूंक दिया था। छत्तीसगढ़ के अमर शहीद वीर नारायण सिंह ने अकाल के समय भूख से व्याकुल लोगों की सहायता की और अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाई। प्रदेश के जनजातीय नायकों के संघर्ष और बलिदान की स्मृतियों को नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय में संजोया गया है। उन्होंने लोगों से संग्रहालय का अवलोकन कर इस गौरवशाली इतिहास को जानने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी ने पृथक जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन कर जनजातीय विकास को नई दिशा दी। उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण कर प्रदेशवासियों की आकांक्षाओं को पूरा किया।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी योजनाओं से जनजातीय क्षेत्रों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। विशेष पिछड़ी जनजातियों की बसाहटों तक मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। आवास और महतारी वंदन जैसी योजनाओं से भी बड़ी संख्या में जनजातीय परिवार लाभान्वित हो रहे हैं।

श्री साय ने शिक्षा को विकास का मूलमंत्र बताते हुए कहा कि जनजातीय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। एकलव्य विद्यालयों, उच्च शिक्षण संस्थानों और छात्रावास सुविधाओं के माध्यम से युवाओं का भविष्य संवारा जा रहा है। ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा का वातावरण बनने से विकास कार्यों को गति मिली है। दूरस्थ गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका की सुविधाएं पहुंच रही हैं। कृषि, पशुपालन और दुग्ध उत्पादन के माध्यम से ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस अपने गौरवशाली इतिहास को याद करने और उससे प्रेरणा लेने का अवसर है। भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों की दमनकारी नीतियों के विरुद्ध संघर्ष किया। अमर शहीद वीर नारायण सिंह सहित छत्तीसगढ़ के अनेक वीरों ने समाज और देश के लिए अपना जीवन समर्पित किया। जनजातीय समाज ने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का उल्लेख करते हुए कहा कि जनजातीय समाज की प्रतिभाएं आज देश के सर्वोच्च पद तक पहुंचकर राष्ट्र का नेतृत्व कर रही हैं।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अपने तप, त्याग और संघर्ष से समाज के हृदय में भगवान का स्थान प्राप्त किया। जनजातीय गौरव दिवस उन नायकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जिन्होंने देश और समाज के लिए सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जनजातीय समाज सहित सभी वर्गों के विकास के लिए कार्य किए जा रहे हैं। विकास योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचनी चाहिए। उन्होंने समाज की एकता को मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया।
वनवासी कल्याण आश्रम के श्री योगेश बापट ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने लगभग 25 वर्ष के जीवन में ऐसे कार्य किए कि वे जनमानस के लिए भगवान बन गए। देश के विभिन्न क्षेत्रों में जनजातीय नायकों ने स्वतंत्रता और स्वाभिमान के लिए संघर्ष किया। उनके योगदान को व्यापक रूप से सामने लाने की आवश्यकता है। उन्होंने जनजातीय समाज की सामूहिक जीवनशैली, रीति-नीति और जड़ी-बूटियों के पारंपरिक ज्ञान को महत्वपूर्ण धरोहर बताया तथा इसके संरक्षण और प्रामाणिक इतिहास लेखन पर बल दिया। कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा की जीवनी पर आधारित लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। मुख्यमंत्री ने जनजातीय जननायकों पर केंद्रित फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। सर्व आदिवासी समाज की ओर से विशाल गजमाला पहनाकर उनका स्वागत किया गया। आदिवासी समाज के संरक्षक श्री वेद सिंह मरकाम ने भी संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने जिला स्तरीय लोकनृत्य प्रतियोगिता के विजेता दलों को समा बधाई दी। शिक्षा, खेल, कला और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 28 प्रतिभाओं को आयोजन समिति की ओर से सम्मानित किया गया। उन्होंने सफल आयोजन के लिए समिति को बधाई दी। कार्यक्रम संयोजिका श्रीमती वंदना उइके ने आभार व्यक्त किया।
समारोह में विधायक श्री अमर अग्रवाल, श्री धरमलाल कौशिक, श्री सुशांत शुक्ला, श्री दिलीप लहरिया, श्री अटल श्रीवास्तव, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष श्री राजा पांडे, आयोजन समिति गोंडवाना गोंड महासभा के अध्यक्ष श्री शिशुपाल सिंह शोरी सहित जनप्रतिनिधि, समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।


