वीर बिरसा मुंडा से वीर नारायण सिंह तक, जनजातीय नायकों का संघर्ष भारत के स्वाभिमान की अमर गाथा : श्री तोखन साहू

**जनजातीय गौरव दिवस पर स्वतंत्रता सेनानियों एवं समाज सुधारकों के अद्वितीय योगदान को किया नमन; प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, स्वाभिमान और सर्वांगीण विकास को मिल रही नई गति।**

**रायगढ़/धरमजयगढ़।** जनजातीय गौरव दिवस एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के पावन अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में उनके अतुलनीय योगदान तथा सामाजिक जागरण के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले महापुरुषों को नमन किया। उन्होंने कहा कि भारत का स्वतंत्रता संग्राम जनजातीय वीरों के अदम्य साहस, संघर्ष और सर्वोच्च बलिदान के बिना अधूरा है। जल, जंगल, जमीन, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा के लिए जनजातीय समाज ने जो संघर्ष किया, वह देश की आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

श्री साहू ने कहा कि 15 नवंबर 1875 को झारखंड के उलिहातू में जन्मे धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत, शोषण और अन्याय के विरुद्ध उलगुलान अर्थात महान क्रांति का नेतृत्व किया। उन्होंने जनजातीय समाज को संगठित कर स्वाभिमान, सामाजिक जागरूकता और स्वशासन का संदेश दिया। मात्र 25 वर्ष की आयु में देश और समाज के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले भगवान बिरसा मुंडा का जीवन राष्ट्रभक्ति और संघर्ष की अमर गाथा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को राष्ट्रीय पहचान और सम्मान दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत और रांची में उनके जीवन एवं संघर्ष को समर्पित संग्रहालय की स्थापना इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

श्री साहू ने छत्तीसगढ़ के जनजातीय नायकों का स्मरण करते हुए कहा कि सोनाखान के अमर शहीद वीर नारायण सिंह ने अकाल के दौरान भूख से पीड़ित लोगों के लिए अन्न उपलब्ध कराया और अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष करते हुए 10 दिसंबर 1857 को रायपुर में फांसी के फंदे को हंसते-हंसते स्वीकार किया। परलकोट विद्रोह के महानायक शहीद गेंद सिंह ने 1824-25 में अंग्रेजी शासन और शोषण के विरुद्ध जनजातीय समाज को संगठित किया। वहीं वीर धुरवाराम और तेलंगा ने लिंगागिरी विद्रोह में ब्रिटिश दमन का प्रतिरोध किया।

उन्होंने बस्तर के ऐतिहासिक भूमकाल विद्रोह के महानायक वीर गुंडाधुर, मुरिया विद्रोह के नायक शहीद झाड़ा सिरहा तथा माड़िया विद्रोह से जुड़े शहीद हिड़मा मांझी के योगदान को भी स्मरण किया। उन्होंने कहा कि इन वीरों ने अपनी माटी, परंपरा, अस्मिता और अधिकारों की रक्षा के लिए अदम्य साहस का परिचय दिया।

श्री साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती के साथ-साथ देश के विभिन्न हिस्सों में शहीद सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो, टंट्या मामा, अल्लूरी सीताराम राजू, रानी गाइदिफ्लू और शहीद लक्ष्मण नायक जैसे महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों ने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष कर राष्ट्र के इतिहास में अमिट छाप छोड़ी है।

उन्होंने जनजातीय समाज के सामाजिक और सांस्कृतिक उत्थान में योगदान देने वाले संत गहिरा गुरु एवं माता राजमोहनी देवी को भी श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि संत गहिरा गुरु ने शिक्षा, स्वच्छता, नशामुक्ति, गोसेवा और सामाजिक सुधार का संदेश दिया, वहीं माता राजमोहनी देवी ने महिलाओं की शिक्षा, अंधविश्वास उन्मूलन, नशामुक्ति और सामाजिक जागरण के लिए उल्लेखनीय कार्य किया। इन महापुरुषों और समाज सुधारकों का योगदान जनजातीय समाज की समृद्ध विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

श्री साहू ने कहा कि आज जब पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण जैसी चुनौतियों का सामना कर रही है, तब जनजातीय समाज की प्रकृति के साथ सह-अस्तित्व की जीवनशैली संपूर्ण मानवता को मार्गदर्शन देती है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जनजातीय समाज के सम्मान, शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, आवास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

अंत में उन्होंने जनजातीय समाज के सभी भाई-बहनों और युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और प्रकृति संरक्षण की विरासत को सहेजते हुए विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

निर्मल माणिक/ प्रधान संपादक मोबाइल:- / अशरफी लाल सोनी 9827167176

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Like

Breaking News