
*भारत-स्पेन व्यापारिक संबंधों को विस्तार देने, भारतीय लघु उद्यमियों के लिए वैश्विक अवसर तलाशने, युवाओं के रोजगार, बैंकिंग प्रक्रियाओं के सरलीकरण और विदेशों में हिंदी के प्रचार-प्रसार पर हुई चर्चा*
मैड्रिड, 05 नवंबर 2026।
केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू जी ने स्पेन की आधिकारिक यात्रा के दौरान मैड्रिड स्थित भारतीय दूतावास का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने दूतावास के पुस्तकालय का संक्षिप्त अवलोकन किया तथा स्पेन में निवासरत विशाल भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों से मुलाकात कर विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद किया।
संवाद के दौरान भारत और स्पेन के बीच व्यापार, वाणिज्य, उद्यमिता, रोजगार, बैंकिंग एवं सांस्कृतिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ बनाने की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
श्री साहू ने कहा कि यूरोप, विशेषकर स्पेन में भारतीय कंपनियों के लिए व्यापार एवं वाणिज्य की व्यापक संभावनाएँ उपलब्ध हैं। भारत के लघु एवं छोटे उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में इन अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित करना आवश्यक है, ताकि भारतीय व्यवसायों को वैश्विक स्तर पर नई पहचान और विस्तार मिल सके। उन्होंने स्पेनिश कंपनियों में भारतीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तलाशने तथा दोनों देशों के बीच व्यावसायिक सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया।
rउन्होंने स्पेन की भाषाई विशेषता को रेखांकित करते हुए कहा कि स्पेनिश भाषा दक्षिण अमेरिका के अनेक देशों में व्यापक रूप से प्रचलित है। ऐसे में स्पेन भारतीय कंपनियों एवं उद्यमियों के लिए दक्षिण अमेरिकी देशों के साथ व्यापारिक एवं आर्थिक सहयोग विकसित करने का एक महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार बन सकता है।
नए व्यापारियों एवं उद्यमियों को सशक्त बनाने के लिए व्यापारिक और बैंकिंग शिक्षा को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई। साथ ही, नए व्यापारियों को व्यवसाय शुरू करने और आगे बढ़ाने में सुविधा हो, इसके लिए बैंकिंग प्रक्रियाओं को सरल, सहज एवं सुलभ बनाने की मांग रखी गई।
इस अवसर पर विदेशों में हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार, भारतीय भाषाई विरासत और संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाने के विषय को भी प्रमुखता से उठाया गया।
श्री साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा, आर्थिक सामर्थ्य और अंतरराष्ट्रीय सहभागिता को नई दिशा मिली है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत आज वैश्विक व्यापार, निवेश, नवाचार और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के नए अवसरों के साथ आगे बढ़ रहा है। विदेशों में रह रहे भारतीय समुदाय को भारत की विकास यात्रा से जोड़ने तथा उनकी प्रतिभा, अनुभव और उद्यमशीलता का लाभ देश के विकास में लेने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीय भारत और विश्व के बीच आर्थिक, व्यावसायिक एवं सांस्कृतिक संबंधों के महत्वपूर्ण सेतु हैं। उनकी सक्रिय भागीदारी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प को वैश्विक स्तर पर और व्यापक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

