
बिलासपुर। गर्मी का सीजन शुरू हो गया है ।इसके साथ ही ठंडा पेय और खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ गई है । खाद्य और पेय पदार्थों को हर वक्त ठंडा रखने के लिए फ्रिजर या फिर बर्फ की जरूरत होती है लेकिन पावर हाउस तोरवा में मछली मार्केट परिसर में ही निगम द्वारा प्रारंभ किये गए बर्फ फैक्ट्री से निकले बर्फ को जो सिर्फ मछली विक्रेताओं के लिए ही उपयुक्त है क्योंकि मछली को ज्यादा समय तक ताजा और ठंडा रखने के लिए मछली विक्रेता इसी बर्फ फैक्ट्री से बर्फ लेते है और बर्फ फैक्ट्री के दीवाल पर साफ और स्पष्ट तौर पर लिखा है कि इस संयंत्र का बर्फ खाने योग्य नहीं है इसके बाद भी बर्फ फैक्ट्री का ठेकेदार / कर्मचारी विषाक्त बर्फ को सामान्य लोगों को धड़ल्ले से बेच रहा है और लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है।

पूर्व में ऐसी ही शिकायतों पर नगर निगम द्वारा फैक्ट्री ठेकेदार पर 10 ,10 हजार रुपए का जुर्माना किया जा चुका है। नगर निगम के जोन आयुक्त भी एक बार जांच के लिए पहुंच चुके है । इसके बाद भी आम नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।बर्फ फैक्ट्री में मौजूद ठेकेदार/कर्मी से हमने जब बर्फ खरीदने की बात करते हुए रेट पूछा तो उन्होंने यह जरूर कहा कि यहां की बर्फ खाने के लिए नहीं है लेकिन जोर देकर यह भी कहा कि यदि आप पीने और खाने के पदार्थ को सिर्फ ज्यादा ठंडा रखना चाहते है तो यह बर्फ ले जा सकते है। उसकी इन बातों से स्पष्ट है कि उस बर्फ फैक्ट्री से खाद्य और पेय पदार्थ को ज्यादा ठंडा रखने के लिए बर्फ बेचा जाता है जो न केवल खतरनाक है बल्कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है क्योंकि वहां से बेचे जाने वाले बर्फ को छोटे बच्चे यदि यूँही खा लेंगे तो स्वास्थ्य खराब हो सकता है। यहां की बर्फ सिर्फ मछलियों को ताजा और ठंडा रखने का काम आता है । निगम के आला अधिकारियों को चाहिए कि या तो इस बर्फ फैक्ट्री से सामान्य लोगों को की जा रही बिक्री को कड़ाई पूर्वक तत्काल बंद कराए या फिर ठेका निरस्त की जाए।


