बिलासपुर प्रेस क्लब के नव निर्वाचित पदाधिकारियों को उप मुख्यमंत्री  अरुण साव ने दिलाई शपथ कहा: बिलासपुर प्रेस क्लब का गौरवशाली इतिहास रहा है उम्मीद है अब नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगा यहां का प्रेस क्लब


बिलासपुर,20 फरवरी 2026/ बिलासपुर प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि उप  उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नई टीम को शपथ दिलाई। उन्होंने पत्रकारों के कई मांगो पर अपनी सहमति जताई और बिलासपुर के पत्रकारों और बिलासपुर के विकास के लिए सरकार के तरफ से पूरा भरोसा दिलाया । कार्यक्रम की अध्यक्षता बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने की। विशेष अतिथियों के रूप में कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, नगर निगम सभापति विनोद सोनी तथा नेता प्रतिपक्ष भरत कश्यप उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि हाल ही प्रशासन द्वारा संपन्न कराए गए चुनाव में अजीत मिश्रा बिलासपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। उपाध्यक्ष पद पर विजय क्रांति तिवारी, सचिव संदीप परिहार, कोषाध्यक्ष किशोर कुमार सिंह, सह सचिव हरिशंकर गंगवानी तथा कार्यकारी सदस्य के रूप में कैलाश यादव चुने गए हैं।

होटल ग्रैंड अंबा में आयोजित शपथ समारोह में मुख्य अतिथि एवं उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नई टीम को बधाई देते हुए कहा कि कड़ी मेहनत और एकजुटता के साथ यह टीम बिलासपुर का नाम और ऊंचा करेगी। उन्होंने कहा कि बिलासपुर प्रेस क्लब से अनेक वरिष्ठ पत्रकार निकले हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर बिलासपुर की पहचान बनाई है। नई टीम इस गौरव को और आगे बढ़ाएगी। उन्होंने पत्रकारिता को चुनौतीपूर्ण क्षेत्र बताते हुए कहा कि इसमें निरंतर मेहनत, प्रतिबद्धता और निष्पक्षता की आवश्यकता होती है। बड़ी संख्या में जुड़े नए पत्रकारों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए उन्होंने इसमें राष्ट्रीय स्तर के पत्रकारों को भी आमंत्रित करने का सुझाव दिया।

उप मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि बिरकोना स्थित पत्रकार कॉलोनी में सड़क निर्माण के लिए 8 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। साथ ही प्रेस क्लब भवन के कायाकल्प का कार्य भी प्रगति पर है। उन्होंने न्यायधानी की गरिमा के अनुरूप प्रेस क्लब को मजबूत बनाने में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

अध्यक्षीय उद्बोधन में विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ प्रेस को माना गया है। मीडिया न केवल राजनीतिक गतिविधियों पर नजर रखती है, बल्कि बिलासपुर के हितों के लिए संघर्ष में भी अग्रणी भूमिका निभाती है। उन्होंने बताया कि प्रेस क्लब द्वारा उठाए गए मुद्दों पर राजधानी रायपुर में उच्च स्तरीय बैठकों में चर्चा कर निर्णय लिया जाना इसकी प्रभावशीलता का प्रमाण है । कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि प्रेस क्लब केवल समाचार प्रकाशन तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्रीय हितों की रक्षा में भी सक्रिय भूमिका निभाती है। बिलासपुर में रेलवे जोन और केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना में प्रेस क्लब की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। विधायक सुशांत शुक्ला ने प्रेस क्लब की निष्पक्ष पत्रकारिता की सराहना करते हुए कहा कि बिलासपुर को उसका वाजिब हक दिलाने में मीडिया ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

नव निर्वाचित प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि बिलासपुर प्रेस क्लब के चार दशक के इतिहास में अनेक गौरवशाली कार्य हुए हैं। इस कड़ी में सरकार से हमारी चार प्रमुख मांगें हैं, इस पर विचार कर शासनस्तर पर निर्णय कराने का कष्ट करें।

*पत्रकारों की प्रमुख मांगे*
अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने पत्रकारों की मांगों के संबंध में कहा कि
दिन रात मेहनत करने वाले पत्रकारों का भी अपना एक घर हो। इस कड़ी में बिलासपुर जिले में पत्रकारों के लिए भूमि आंबटन कराने का कष्ट करें।
. पत्रकारों को दी जाने वाली पेंशन योजना में दस वर्ष की अधिमान्यता अवधि को कम करके पांच वर्ष किया जाए ताकि हमारे दैनिक अखबार में काम करने वाले सैकड़ों साथियों को सरकार की इस योजना का लाभ मिल सके।
. बिलासपुर प्रेस क्लब के स्कैनर युक्त परिचय पत्र पर हमारे सदस्य पत्रकारों को टोल मुक्त यात्रा का लाभ दिलाने की घोषणा लोनिवि मंत्री के रूप में की जाए।
प्रदेश में निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए पत्रकार आयोग का गठन कराया जाए ताकि पत्रकारों को सुरक्षा और न्याय सुलभ हो सके। इसमें प्रेस क्लब का प्रतिनिधित्व अनिवार्य किया जाए और स्वास्थ्यगत कारणों अथवा दुघर्टना के बाद पत्रकारों या उनके परिजनों को भटकना पड़ता है ऐसे में उनके लिए आकस्मिक फंड की घोषणा करने का कष्ट करें।

उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी ने आभार व्यक्त किया। गरिमामय आयोजन में बड़ी संख्या में पत्रकार, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

निर्मल माणिक/ प्रधान संपादक मोबाइल:- / अशरफी लाल सोनी 9827167176

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

जिला पंचायत सदस्यों का सात दिवसीय प्रशिक्षण प्रवास सम्पन्न, अनुभवों के साथ लौटे सभी सदस्य और अध्यक्ष  बिलासपुर लौटे

Sun Feb 22 , 2026
 बिलासपुर।जिला प्रशासन के नवाचार उन्मुखीकरण कार्यक्रम अन्तर्गत जिला पंचायत बिलासपुर के सदस्यों का सात दिवसीय अध्ययन एवं प्रशिक्षण प्रवास सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया है।  विगत16 फरवरी को जिला पंचायत के सदस्यगण महाराष्ट मुंबई स्थित कुशाभाऊ ठाकरे महालग्नी प्रबोधिनी संस्थान में प्रशिक्षण हेतु रवाना हुए थे। इस प्रवास का उद्देश्य पंचायत […]

You May Like

Breaking News