विकास के साथ अपनी गौरवशाली विरासत को भी संजोकर रखना है : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय

 

जनजातीय नायकों का संघर्ष और बलिदान देश की अमूल्य धरोहर

गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय संगोष्ठी में शामिल हुए मुख्यमंत्री, भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का किया अनावरण

बिलासपुर, 16 नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि स्वतंत्रता संघर्ष में जनजातीय नायकों का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने मातृभूमि की स्वतंत्रता के साथ अपनी संस्कृति, अस्मिता और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। जनजातीय गौरव दिवस इन महानायकों के त्याग और बलिदान को नमन करने तथा उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का अवसर है। हमें विकास के साथ अपनी गौरवशाली विरासत को भी संजोकर रखना है। मुख्यमंत्री आज गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर ‘स्वतंत्रता संघर्ष में जनजातीय नायकों का योगदान’ विषय पर आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी को मुख्य अतिथि की आसंदी से संबोधित कर रहे थे।

 

मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वविद्यालय परिसर में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर अतिथियों ने राष्ट्रीय संगोष्ठी की स्मारिका का विमोचन भी किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने की। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, विधायक श्री धरमलाल कौशिक, श्री अमर अग्रवाल एवं श्री सुशांत शुक्ला, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार चक्रवाल तथा अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय महामंत्री श्री योगेश बापट सहित राष्ट्रीय स्तर के आमंत्रित वक्ता, विद्वान, प्राध्यापक, शोधार्थी और विद्यार्थी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने मात्र 25 वर्ष की आयु में अंग्रेजी हुकूमत के दांत खट्टे कर दिए। जनजातीय समाज के शोषण और उसकी संस्कृति को नष्ट करने के प्रयासों के विरुद्ध उनका संघर्ष पूरे देश को प्रेरणा देता है। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर प्रदेश में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। विकासखंडों, स्कूलों और महाविद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से नई पीढ़ी को जनजातीय नायकों की शौर्यगाथाओं से परिचित कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती जनजातीय वीरों के साहस और बलिदान की साक्षी रही है। शहीद वीर नारायण सिंह ने अकाल के समय गरीब जनता की भूख मिटाने के लिए अनाज के गोदाम खुलवा दिए थे। जनजातीय नायकों ने स्वतंत्रता की चेतना जगाने और अन्याय के प्रतिकार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में प्रतिष्ठित कर जनजातीय समाज के योगदान को राष्ट्रीय सम्मान दिया है। जनजातीय नायकों के योगदान को संग्रहालयों के माध्यम से भी सहेजा जा रहा है, जिससे आने वाली पीढ़ियां उनके संघर्ष और बलिदान को जान सकें।

श्री साय ने कहा कि जनजातीय समाज के सम्मान और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का आसीन होना पूरे जनजातीय समाज के लिए गौरव का विषय है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान में छत्तीसगढ़ के लगभग साढ़े छह हजार गांव शामिल हैं। विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों की बसाहटों तक सड़क, बिजली, रसोई गैस और सौर ऊर्जा जैसी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। राज्य सरकार जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए भी प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से मांझी, चालकी और बैगा का मानदेय बढ़ाया गया है।

मुख्यमंत्री ने वनवासी कल्याण आश्रम के सेवाकार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि जनजातीय समाज में शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक उत्थान के लिए संस्था ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने स्वर्गीय श्री दिलीप सिंह जूदेव के कार्यों को याद किया। श्री साय ने श्री जोगेश्वर यादव की सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि पहाड़ी कोरवा और बिरहोर समुदाय के बीच उन्होंने गहरा विश्वास अर्जित किया है। उनके आग्रह पर समुदाय के लोगों का टीकाकरण के लिए आगे आना इस विश्वास का उदाहरण है।

मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय की सामाजिक सरोकारों से जुड़ी पहलों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि दस रुपये में भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था से लगभग ढाई हजार लोगों को लाभ मिल रहा है। स्थानीय उत्पादों के विक्रय और उद्यमशीलता को प्रोत्साहन देने के प्रयास भी प्रशंसनीय हैं। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापना और महत्वपूर्ण विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी के आयोजन के लिए विश्वविद्यालय परिवार को बधाई दी।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस महान जनजातीय नायकों को नमन करने का दिन है। भगवान बिरसा मुंडा ने अल्पायु में उलगुलान के माध्यम से शोषण और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष किया तथा अपने प्राणों की आहुति दी। उनका भगवान के रूप में सम्मानित होना जनमानस पर उनके असाधारण प्रभाव को दर्शाता है। उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह के बलिदान का स्मरण करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ वीरों की भूमि है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की पहल से जनजातीय नायकों की गौरवशाली परंपरा को व्यापक पहचान मिली है।

 

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस पर इस विषय में राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन अत्यंत सामयिक और महत्वपूर्ण है। वीर नारायण सिंह, गुंडाधुर और गेंद सिंह जैसे महानायकों ने स्वतंत्रता के लिए संघर्ष कर छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया। भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा उनके साहस और बलिदान का स्मरण कराती है। उन्होंने विश्वविद्यालय की दस रुपये में भोजन उपलब्ध कराने तथा बुजुर्गों के हित में की जा रही पहलों की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय अपने नाम के अनुरूप सामाजिक दायित्व निभा रहा है।

 

अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय महामंत्री श्री योगेश बापट ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अल्पायु में असाधारण कार्य किए। उन्होंने अंग्रेजों के शोषण का प्रबल प्रतिकार किया और जनजातीय समाज की भूमि तथा अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उनका जीवन अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देता है।

संगोष्ठी के प्रारंभ में कॉन्फ्रेंस डायरेक्टर श्री मनीष श्रीवास्तव ने स्वागत उद्बोधन दिया। कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार चक्रवाल ने अतिथियों, वक्ताओं और उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

निर्मल माणिक/ प्रधान संपादक मोबाइल:- / अशरफी लाल सोनी 9827167176

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Like

Breaking News