
650वीं जयंती वर्ष पर 29 जुलाई से 20 फरवरी 2027 तक चलेगा राष्ट्रव्यापी‘समरसता संकल्प अभियान*
बिलासपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित किए जाने वाले “समरसता संकल्प अभियान” की रूपरेखा को लेकर आज भाजपा ग्रामीण जिला कार्यालय में पूर्व मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बाँधी ने बताया कि संत शिरोमणि गुरु रविदास किसी एक समाज के संत नहीं, बल्कि सम्पूर्ण मानवता के महान पथप्रदर्शक, भक्ति आंदोलन के अग्रणी संत, श्रेष्ठ समाज सुधारक एवं आध्यात्मिक चिंतक थे।
उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी संत रविदास के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक देशभर में “समरसता संकल्प अभियान” संचालित करेगी। यह अभियान राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला, मंडल एवं ग्राम स्तर तक व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाएगा, जिससे समाज में समरसता, सद्भाव, सामाजिक न्याय और राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।
डॉ. बाँधी ने बताया कि अभियान का शुभारंभ 29 जुलाई, गुरु पूर्णिमा की संध्या “समरसता दीप महोत्सव” से होगा। इसके अंतर्गत जिले के सभी मंडलों में संत रविदास मंदिरों सहित अन्य प्रमुख मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। दीप महोत्सव के दौरान भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों के साथ सामूहिक भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा। साथ ही गुरु पूर्णिमा के अवसर पर साधु-संतों का सम्मान भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 29 जुलाई से 10 सितंबर 2026 तक “श्री गुरु रविदास कलश वंदन अभियान” संचालित होगा। इस अभियान के अंतर्गत वाराणसी स्थित संत रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में सभी प्रदेशों की टोलियों को जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी से भरे 131 कलश प्रदान किए जाएंगे। छत्तीसगढ़ की कलश यात्रा बलरामपुर, अंबिकापुर एवं बिलासपुर होते हुए रायपुर पहुंचेगी। बिलासपुर जिला संगठन द्वारा कलश यात्रा के स्वागत एवं अभिनंदन का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
डॉ. बाँधी ने बताया कि 26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक “श्री गुरु रविदास महाराज छात्रावास संपर्क अभियान” चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत देशभर के छात्रावासों में संत रविदास महाराज के सुसज्जित चित्र के समक्ष समरसता संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में संत रविदास महाराज के जीवन, उनके संदेश, सामाजिक समरसता, निरंतर सामाजिक सुधार की आवश्यकता तथा विकसित भारत के संकल्प जैसे विषयों पर संवाद एवं संक्षिप्त उद्बोधन आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि अभियान के सभी कार्यक्रम राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में प्रदेश, जिला, मंडल और ग्राम स्तर तक प्रभावी रूप से संचालित किए जाएंगे। पत्रकार वार्ता में भाजपा ग्रामीण के जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल, जिला महामंत्री एस. कुमार मनहर, मीडिया प्रभारी प्रणव शर्मा समदरिया तथा कार्यालय मंत्री महाराज सिंह नायक उपस्थित रहे
।


