दलगत राजनीति को छोड़ रायपुर से विकास को बिलासपुर लाने कोशिश होनी चाहिए :सुशांत 

बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा :मै स्व. दिलीप सिंह जूदेव की पाठशाला का विद्यार्थी हूं

बिलासपुर। बिलासपुर प्रेस क्लब के  “हमर पहुना” कार्यक्रम  में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने अपने राजनीतिक सफर, क्षेत्र के विकास और शहर से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। पत्रकारों से सीधा संवाद करते हुए उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, अवैध बसाहट, जल निकासी और अरपा नदी के प्रदूषण जैसे मुद्दों पर अपनी प्राथमिकताएं बताईं। इस दौरान स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव से मिले राजनीतिक संस्कारों का भी उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया।

अपने राजनीतिक संस्कारों को लेकर सुशांत शुक्ला ने कहा कि वे “स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की पाठशाला के विद्यार्थी” हैं। उन्होंने बताया कि जूदेव के जीवन से उन्होंने दो महत्वपूर्ण बातें सीखीं। व्यावहारिक संबंधों को निभाना और अपने विचारों के प्रति प्रतिबद्ध रहना। उनका कहना था कि राजनीति केवल पद और चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों से जुड़ाव और रिश्तों को लंबे समय तक निभाना भी इसकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

*चौथी पीढ़ी को मिली सेवा की जिम्मेदारी*

मैं अपने परिवार की चौथी पीढ़ी हूं, जिसे समाज और क्षेत्र की सेवा की जिम्मेदारी मिली है। मेरे दादा, परदादा और माता-पिता ने संघ और पार्टी से निस्वार्थ रूप से जुड़कर सेवा की। परिवार ने बदले में कुछ पाने की अपेक्षा नहीं रखी, हमेशा देने का काम किया। आज मुझे भी समाज और अपने क्षेत्र के लिए सेवा करने का अवसर मिला है। मेरी पत्नी गृहणी हैं, जबकि मेरे भाई अपने-अपने कार्यक्षेत्र में बाहर रहते हैं। परिवार के अधिकांश सदस्य नौकरी और सेवा के क्षेत्र में हैं। मेरे दामाद भारत सरकार में सेवा दे रहे हैं। हमारे परिवार की सोच हमेशा सेवा को प्राथमिकता देने की रही है और यही संस्कार मुझे विरासत में मिले हैं।

*बेलतरा को बिलासपुर जैसा खूबसूरत बनाने का सपना*

बेलतरा के विकास को लेकर विधायक ने कहा कि वे अपने विधानसभा क्षेत्र को बिलासपुर की तरह खूबसूरत, व्यवस्थित और विकसित देखना चाहते हैं। इसके लिए सड़क, नाली, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल के क्षेत्र में भी बेहतर अधोसंरचना विकसित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बेलतरा में आबादी लगातार बढ़ रही है। नई बसाहट और बढ़ते शहरीकरण के साथ जल निकासी, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर दबाव भी बढ़ा है। ऐसे में विकास योजनाएं केवल वर्तमान जरूरतों को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों की जरूरतों को देखते हुए तैयार की जानी चाहिए।

*अरपा नदी के प्रदूषण पर बेबाक तंज*

कार्यक्रम में अरपा नदी के प्रदूषण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। इस पर विधायक सुशांत शुक्ला ने बिलासपुर नगर निगम की इंजीनियरिंग व्यवस्था पर तंज कसते हुए कहा कि “बिलासपुर नगर निगम के इंजीनियरों का नागरिक अभिनंदन होना चाहिए, जिन्होंने बिलासपुर के नालों का पानी अरपा नदी तक पहुंचा दिया।”

विधायक ने कहा कि नदी को प्रदूषण से बचाने के लिए सबसे पहले नालियों और गंदे पानी की निकासी की उचित व्यवस्था जरूरी है। केवल नदी की सफाई करने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। नालों का पानी नदी में पहुंचना बंद करना होगा, तभी अरपा को वास्तविक रूप से बचाया जा सकेगा।

*परिसीमन में जुड़े वार्ड और गांव बनी अवैध बसाहट की चुनौती*

नगर निगम परिसीमन के बाद जुड़े वार्ड और गांव मेरे क्षेत्र के लिए अवैध बसाहट की बड़ी चुनौती बन गए हैं। तेजी से बढ़ती आबादी के कारण सड़क, नाली, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं पर दबाव बढ़ा है। इसलिए क्षेत्र में पहली प्राथमिकता सड़क और पानी निकासी के लिए नाली निर्माण सहित मूलभूत कार्यों को कराया जा रहा है।

*300 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का दावा*

विधायक सुशांत शुक्ला ने बेलतरा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि 300 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य प्रारंभ हो चुके हैं, जबकि लगभग इतनी ही राशि के अन्य कार्य स्वीकृति की प्रक्रिया में हैं। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ विकास की गति को तेज करना है।

*खेल सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर*

खेल के क्षेत्र में उन्होंने बहतराई खेल परिसर में लगभग 70 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख किया। इसमें स्विमिंग पूल, बैडमिंटन कोर्ट, हॉर्स राइडिंग सहित कई खेल सुविधाओं के विस्तार से युवाओं को बेहतर अवसर

मिलने की बात उन्होंने कही।

निर्मल माणिक/ प्रधान संपादक मोबाइल:- / अशरफी लाल सोनी 9827167176

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

भूमि के बदले रोजगार संबंधी शिकायतों की जांच के लिए एसईसीएल ने गठित की उच्चस्तरीय समिति

Wed Aug 12 , 2026
पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध शिकायत निवारण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल   बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने भूमि के बदले रोजगार से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक उच्चस्तरीय स्थायी समीक्षा समिति का गठन किया है। समिति उपलब्ध अभिलेखों, दस्तावेजों […]

You May Like

Breaking News