वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को लेकर ग्रामीण कांग्रेस की बैठक, एक नवंबर को दिल्ली पहुंचेंगे कार्यकर्ता

 

गांव-गांव चौपाल लगाकर लोगों को करेंगे जागरूक, 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक चलेगा अभियान

बिलासपुर। जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण की मंगलवार को कांग्रेस भवन में बैठक आयोजित की गई। बैठक में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान एक नवंबर को दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में बिलासपुर जिले से अधिक से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बैठक में एआईसीसी ऑब्जर्वर दिव्य ज्योति पटनायक, छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी के प्रभारी विजय जांगिड़ और जिला प्रभारी सीमा वर्मा उपस्थित रहे।

बैठक में पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में जिले के ग्रामीण कांग्रेस के अधिक से अधिक कार्यकर्ता शामिल हों। इसके साथ ही पूर्व विधायक, पूर्व सांसद और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों की भागीदारी भी सुनिश्चित करने की बात कही गई। नेताओं ने अभियान को संगठनात्मक रूप से मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

गांव-गांव चौपाल लगाकर चलाएंगे जनजागरूकता अभियान

बैठक में बताया गया कि 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों के गांवों में चौपाल आयोजित कर लोगों को जागरूक किया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंचकर मताधिकार के महत्व और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में नागरिकों की भागीदारी को लेकर जनसंवाद करेंगे। अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पार्टी का संदेश पहुंचाने की योजना बनाई गई है।

जिला अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से की अपील

जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने जिले के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि दिल्ली में एक नवंबर को होने वाले कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर संगठन की एकजुटता प्रदर्शित करें। साथ ही निर्धारित अवधि में गांव-गांव चौपाल के माध्यम से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता पूरी सक्रियता से जुटें। बैठक में अभियान की सफलता के लिए संगठन के सभी स्तरों पर समन्वय बनाकर कार्य करने पर जोर दिया गया।

निर्मल माणिक/ प्रधान संपादक मोबाइल:- / अशरफी लाल सोनी 9827167176

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Like

Breaking News