शासकीय माता शबरी नवीन कन्या महाविद्यालय में ‘शबरी हाट’ मेले का आयोजन

बिलासपुर। शासकीय माता शबरी नवीन कन्या महाविद्यालय में छात्राओं को प्रोत्साहित करने एवं उनकी प्रतिभा तथा रचनात्मकता को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से ‘शबरी हाट’ मेले का आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को अपने हुनर एवं स्वनिर्मित उत्पादों को प्रदर्शित तथा विक्रय करने के लिए एक उपयुक्त मंच उपलब्ध कराना था।

मेले में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने द्वारा निर्मित विभिन्न हस्तनिर्मित वस्तुओं, सजावटी सामग्री, घरेलू उपयोग की वस्तुओं तथा स्वादिष्ट खाद्य एवं पेय पदार्थों के स्टॉल लगाए। छात्राओं ने अपने उत्पादों का स्वयं प्रचार-प्रसार किया तथा उनका विक्रय कर व्यवसायिक कौशल, आत्मनिर्भरता एवं उद्यमिता का अनुभव प्राप्त किया।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नंदिनी तिवारी मैडम ने मेले में छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि “हमारी छात्राओं में प्रतिभा और हुनर की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है तो केवल उन्हें उचित मंच और अवसर प्रदान करने की। ऐसे आयोजन छात्राओं को अपने हुनर को पहचानने, उसे निखारने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हैं।” उन्होंने छात्राओं द्वारा स्वयं तैयार किए गए उत्पादों की सराहना की और उन्हें भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक एवं स्वरोजगारपरक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छोटी-सी पहल भविष्य में एक बड़े व्यवसाय और आत्मनिर्भरता का आधार बन सकती है।

प्राचार्य के मार्गदर्शन एवं सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन के मार्गदर्शन में डॉ. शोभा महेश्वर, डॉ. आरती सिंह ठाकुर, डॉ. अर्चना शुक्ला, डॉ. वंदना राठौर एवं डॉ. दीपिका महोबिया ने सक्रिय भूमिका निभाई।

कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों, सहायक प्राध्यापकों, अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। महाविद्यालय परिवार के सदस्यों एवं आगंतुकों ने छात्राओं द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया तथा उनके उत्पादों की सराहना करते हुए खरीदारी कर उनका उत्साह बढ़ाया।

‘शबरी हाट’ में छात्राओं ने न केवल अपने हुनर का प्रदर्शन किया, बल्कि खरीदारी, बिक्री, मूल्य निर्धारण, ग्राहक व्यवहार एवं प्रबंधन जैसे व्यावहारिक कौशल भी सीखे। पूरे परिसर में उत्साह, उमंग और आनंद का वातावरण रहा। छात्राओं ने अपने स्टॉलों के माध्यम से आत्मविश्वास एवं रचनात्मकता का परिचय दिया और पूरे आयोजन का भरपूर आनंद लिया।

इस प्रकार ‘शबरी हाट’ मेला छात्राओं को प्रतिभा प्रदर्शन, आत्मनिर्भरता एवं उद्यमिता की दिशा में प्रेरित करने वाला एक सफल एवं सार्थक प्रयास रहा।

निर्मल माणिक/ प्रधान संपादक मोबाइल:- / अशरफी लाल सोनी 9827167176

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Like

Breaking News