
बिलासपुर। आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने बिलासपुर एवं रायपुर में आयोजित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता कर जनसंपर्क को सुदृढ़ किया तथा समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद किया।
इस क्रम में श्री साहू ने बिलासपुर रेलवे स्टेशन में श्री राम लला दर्शन योजना के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया, जहां बिलासपुर संभाग के श्रद्धालु अयोध्या धाम के लिए प्रस्थान कर रहे थे।
इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहलें देशवासियों को अपनी आस्था एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं तथा आध्यात्मिक पर्यटन को भी प्रोत्साहित करती हैं।
इसके पश्चात श्री साहू ने रायपुर के ग्राम कंदुल स्थित सामाजिक भूमि में छत्तीसगढ़ हरदिहा साहू समाज के तत्वाधान में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने नवविवाहित दंपत्तियों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके सुखमय, समृद्ध एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना की।
श्री साहू ने कहा कि समाज के सभी वर्गों के साथ निरंतर संवाद एवं सहभागिता के माध्यम से ही समावेशी विकास सुनिश्चित किया जा सकता है, और इसी दिशा में सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।


