बिलासपुर। दो सड़क दुर्घटनाओं में 10 लोगो की मौत और 50 से भी ज्यादा यात्रियों के घायल होने की खबर है। पहली घटना रायपुर से बिलासपुर आ रही एक यात्री बस को सिमगा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मारी जिससे 5 यात्रियों की मौत और 29 यात्री घायल हो गए । दूसरी घटना जशपुर जिले की है जहां एक यात्री बस के पलटने से 5 यात्रियों की मौत हो गई और 25 यात्री गंभीर रूप से घायल है ।
मिली जानकारी के मुताबिक जशपुर जिले में शुक्रवार को एक सड़क हादसा हो गया। दुलदुला विकासखंड के गोड़ाअंबा के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 5 यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 25 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
बस करडेगा से कुनकुरी की ओर जा रही थी, जिसमें 30 से अधिक यात्री सवार थे। गोड़ाअंबा के पास चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया और बस सड़क किनारे पलट गई। बस के पलटते ही यात्री मलबे के नीचे दब गए। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत साहस दिखाते हुए राहत-बचाव कार्य शुरू किया और फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला।हादसे की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग ने तीन एम्बुलेंस मौके पर रवाना कीं। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद कुनकुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया है, जहाँ से कुछ को बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है। पुलिस और प्रशासन की टीम अभी भी मौके पर मौजूद है और क्षतिग्रस्त बस को हटाने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया शोक
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि “जशपुर जिले के दुलदुला विकासखंड के ग्राम गोड़ा अंबा के पास हुई बस दुर्घटना का समाचार अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रहे तथा उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
दूसरी घटना में शुक्रवार को ही रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे 130 पर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। सिमगा थाना क्षेत्र के दरचूरा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से यात्री बस को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 29 यात्री घायल हो गए।
हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ, जब बिलासपुर की ओर आ रही यात्री बस को पीछे से आ रहे ट्रक ने तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में बैठे कई यात्री अपनी सीटों पर ही फंस गए और बस में चीख-पुकार मच गई।
दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में जुट गए। स्थानीय लोगों ने कांच तोड़कर और दरवाजे खोलकर कई घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को तत्काल सिमगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।सूचना मिलते ही सिमगा थाना पुलिस और प्रशासनिक टीम भी मौके पर पहुंच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।मृतकों में बुजुर्ग, युवती और मासूम बच्ची शामिलइस भीषण दुर्घटना में 5 यात्रियों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है –
त्रिवेणी साहू (62) निवासी बाबा मोहतरा, जिला बेमेतरादशरथ साहू (80) निवासी बाबा मोहतरा, जिला बेमेतरा
राधिका निर्मलकर (24) निवासी बेतर
खुशी साहू (2 वर्ष) निवासी बाबा मोहतरा, बेमेतरा
अज्ञात युवती (लगभग 18 वर्ष) – जिनकी मौत इलाज के दौरान रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में हुई
हादसे में मासूम बच्ची की मौत से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
29 यात्री घायल, कई की हालत गंभीर
दुर्घटना में कुल 29 यात्री घायल हुए हैं। इनमें से कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर मेमोरियल अस्पताल (मेकाहारा) रेफर किया गया है।
घायलों में जानकी निषाद, अवधराम निषाद, ईश्वरी साहू, राजकुमार निषाद, सरोजनी साहू, योगिता साहू, दिलेश्वर डहरिया, प्रमिला डहरिया, संदीप, सुनील, जानवी, मनोज साहू सहित कई अन्य यात्री शामिल हैं।
ट्रक चालक फरार, पुलिस कर रही तलाश
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे की मुख्य वजह हो सकती है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।

निर्मल माणिक/ प्रधान संपादक मोबाइल:- / अशरफी लाल सोनी 9827167176
Fri Mar 6 , 2026
बिलासपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक नगर रतनपुर को एक बड़ी विकासात्मक सौगात मिली है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तथा बिलासपुर सांसद तोखन साहू की पहल और सतत प्रयासों से रतनपुर में आधुनिक तकनीक आधारित डेमोंस्ट्रेशन हाउसिंग प्रोजेक्ट को स्वीकृति प्रदान […]